पीलीभीत। कांवड़ यात्रा को देखते हुए प्रशासन व पुलिस अधिकारियों ने रूट डायवर्ट किया है। इसमें टाइगर तिराहे व नौगवां चौराहे से वाहनों को डायवर्ट किया गया है। इसके साथ ही मुख्य हाईवे पर भी रूट डायवर्जन किया गया है। यह आदेश हर सप्ताह रविवार सुबह छह बजे से सोमवार रात नौ बजे तक प्रभावी रहेगा।
सावन में मंदिरों पर जलाभिषेक को पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को किसी तरह की कोई दिक्कत न हो, इसके लिए अफसरों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। बरेली की ओर से आने वाले कांवड़ यात्री टाइगर तिराहा होते हुए शहर में अंदर प्रवेश करते हैं। ऐसे में टाइगर तिराहे से वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। पहले और दूसरे रविवार सोमवार को मंडी को पहुंचने वाले वाहन मुख्य गेट से न जाकर रामलीला वाले गेट से जाएंगे। इसके साथ ही तीसरे और चौथे रविवार सोमवार को मंडी समिति में वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। टनकपुर-खटीमा की तरफ से बरेली जाने वाले वाहन मझोला से सितारगंज होते हुए निकाले जाएंगे। वहीं, पूरनपुर से बरेली जाने वाले वाहन जेएमबी तिराहे से जहानाबाद के लिए डायवर्ट किए जाएंगे। हालांकि आपातकालीन सेवाओं के लिए यह व्यवस्था लागू नहीं रहेगी। संवाद