पीलीभीत। जुलूस-ए-गौसिया बृहस्पतिवार को जिलेभर में अकीदत और शानो-शौकत के साथ निकाला गया। शहर में मोहल्ला भूरे खां स्थित दरगाह आस्तान-ए-हशमतिया से सुबह 11 बजे जुलूस शुरू हुआ। पंजाबीआन चौराहा, फीलखाना, धुनो वाला चौराहा, मदीना शाह, लाल रोड, शाहजी मियां की मजार और छोटी मार्केट समेत निर्धारित मार्गों से होता हुआ जुलूस वापस दरगाह पहुंचकर संपन्न हुआ। इसमें बड़ी संख्या में अकीदतमंद शामिल हुए। जगह-जगह लोगों ने जुलूस का स्वागत किया।
शहर को पांच जोन और 15 सेक्टर में बांटकर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई। नौ स्थानों पर बैरीकेडिंग कर संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी रखी गई। सुरक्षा व्यवस्था की कमान सीओ सिटी अमरनाथ वर्मा ने संभाली। दरगाह के सज्जादानशीन मौलाना जरताब रजा खां, मुफ्ती बुरहान रजा खां और हाफिज इसरार अहमद अशरफी समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
पूरनपुर। ब्लाक रोड स्थित साबरी आहाता से जुलूस निकला। जुलूस स्टेशन रोड, स्टेशन चौराहा और शेरपुर रोड होते हुए शेरपुर रेलवे क्रासिंग के पास समाप्त हुआ। शेरपुरकलां में भी जुलूस निकाला गया।
जहानाबाद। दावते इस्लामी हिंद की सरपरस्ती में फजर की नमाज के बाद कुरैशियान मस्जिद से जुलूस शुरू हुआ। विभिन्न मार्गों से होते हुए थाने के सामने स्थित दरगाहों पर अकीदतमंदों ने फूलों की चादरपेश की। बाद में मदरसा दारुल उलूम में फातिहा ख्वानी और दुआ हुई।
बीसलपुर। कादरी रजाकार सोसायटी की ओर से जुलूस निकाला गया। मदरसे के बच्चों ने नात-ओ-मनकबत पढ़ी। दरगाह गाजी कमाल शाह पहुंचकर सलातो-सलाम, फातिहा और दुआ की गई।
अमरिया। सिटी कॉलोनी स्थित मदरसा ख्वाजा गरीब नवाज तालीमुल कुरान से सुबह 10 बजे जुलूस शुरू हुआ। बाजार, नहर पुल और खजुरिया मजार होते हुए वापस मदरसे में पहुंचा। कुल शरीफ के बाद लंगर बांटा गया।