पीलीभीत। भारतीय जनता पार्टी के तत्वावधान में मतदाता जोड़ो अभियान के तहत मंगलवार को जिले की चारों विधानसभा क्षेत्रों में संगठनात्मक बैठकें आयोजित की गईं। बैठकों में पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को अभियान की रूपरेखा समझाते हुए अधिक से अधिक नए मतदाताओं को मतदाता सूची में शामिल कराने और किसी भी पात्र मतदाता का नाम छूटने न देने का संकल्प दिलाया गया।
सदर विधानसभा में मुख्य अतिथि के रूप में विधानसभा प्रभारी रविन्द्र सिंह राठौर, बरखेड़ा में महेश योगी, बीसलपुर में राजकुमार बाजपेयी तथा पूरनपुर में पवन सिंह मौजूद रहे। भाजपा जिलाध्यक्ष गोकुल प्रसाद मौर्य ने पीलीभीत सदर एवं बरखेड़ा विधानसभा की बैठकों में सहभागिता की।
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष ने कहा कि नई मतदाता सूची में जिन पात्र मतदाताओं के नाम शामिल होने से रह गए हैं, उन्हें जोड़ने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के लिए जिला महामंत्री महादेव गाईन को संयोजक नियुक्त किया गया है। इस मौके पर राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार समेत अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।