बरखेड़ा कस्बे में निर्माणाधीन नाला संवाद
पीलीभीत/ बरखेड़ा। बिना बारिश के ही ढहे नाले ने नगर पंचायत के कार्यों की गुणवत्ता की पोल खोल दी है। नगर पंचायत के जिम्मेदार ठेकेदार के काम पर पर्दा डालने में जुटे हैं। नाले को निर्माणाधीन बताकर पल्ला झाड़ा जा रहा है। हालांकि एडीएम वित्त एवं राजस्व ने नगर पंचायत के ईओ और एसडीएम बीसलपुर से जवाब मांगा है।
बरखेड़ा कस्बे में नगर पंचायत करीब 17 सौ मीटर लंबे नाले का निर्माण करा रही है। निर्माण पर करीब दो करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। हालांकि नगर पंचायत अध्यक्ष करीब पांच हिस्सों में नाला निर्माण की बात कह रहे हैं। पांच ठेकेदारों को निर्माण की जिम्मेदारी दी गई है। इस समय गोपी काॅलोनी से नवाबगंज तिराहे तक 190 मीटर लंबे नाले का निर्माण चल रहा हैं।
बृहस्पतिवार को काॅलोनी के समीप करीब 20 फुट नाला ढह गया। पता चला तो नगर पंचायत के जिम्मेदार हरकत में आए। लोगों ने नाले की गुणवत्ता पर सवाल उठाए हैं। नाला निर्माण में प्रयोग की जा रही सामग्री में घालमेल की बात कही जा रही है।
निर्माणाधीन की बात कहकर झाड़ रहे पल्ला
नगर पंचायत अध्यक्ष श्यामबिहारी भोजवाल का कहना है कि नाला अभी निर्माणाधीन है। जिस हिस्से में नाला गिरा है, वह कार्य करीब 39 लाख से कराया जा रहा है। ठेकेदार को चेतावनी दी गई है। काम पूरा होने पर ही कार्रवाई हो सकती है। वहीं एसडीएम बीसलपुर नागेंद्र पांडेय ने बताया कि मामले में ठेकेदार और जेई को नोटिस दी गई है।
नगर पंचायत बरखेड़ा में नाला ढहने के मामले में प्रभारी ईओ से जानकारी मांगी गई है। निर्माण की धनराशि में कटौती की जाएगी।
- ऋतु पूनिया, एडीएम वित्त एवं राजस्व