कलीनगर। बाइफरकेशन में रविवार शाम करीब पांच बजे एक इको कार अनियंत्रित होकर रेलिंग तोड़कर हरदोई ब्रांच नहर में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर भगदड़ मच गई। ड्यूटी पर तैनात सिंचाई और वन विभाग के कर्मचारी ने रस्सी के सहारे वाहन में सवार दोनों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। हालांकि गहरे पानी में जाने से कार कुछ देर बाद दिखाई देना बंद हो गई। दरअसल कार सीखने के दौरान संतुलन बिगड़ने से यह हादसा हुआ।
पीलीभीत के थाना सुनगढ़ी क्षेत्र के रहने वाले अमित कुमार रविवार को अपनी इको कार से बाइफरकेशन घूमने के लिए आ रहे थे। कार आनंद कुमार चला रहा था। हालांकि डगा मार्ग पर पहुंचते ही अमित ने कार सीखने की बात कही। इसपर चालक ने कार रोकी और दूसरी साइड में आकर बैठ गया। कार को अमित चलाने लगे। बाइफरकेशन पहुंचते ही पुल से पचास मीटर पहले कार अचानक अनियंत्रित होकर रेलिंग को तोड़ते हुए हरदोई ब्रांच नहर में जा गिरी। हादसा देख पुल क्षेत्र में खलबली मच गई।
सिंचाई और वन विभाग के कर्मचारी संजय, भगवानदीन, राजू समेत अन्य लोग मौके पर पहुंचे। रस्सी के सहारे कार में सवार लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। हादसे के स्थान से करीब सौ मीटर दूर पहुंचकर दोनों सुरक्षित बाहर निकल सके। हालांकि कार देखते ही देखते गहरे पानी में डूब गई। सिंचाई विभाग के कर्मचारियों के मुताबिक सूचना उच्च अधिकारियों को दी गई है। आदेश मिलने के बाद नहर को बंद किया जाएगा। इसके बाद ही कार की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
नहर में कम पानी होने से टला बड़ा हादसा- हरदोई ब्रांच नहर में इन दिनों कम मात्रा में पानी छोड़ा गया है। नहर के गेट आधे ही खोले गए हैं। ऐसे में बड़ा हादसा टल गया। कम पानी होने से कार में सवार दोनों लोग सुरक्षित बाहर निकल आए। हालांकि नहर के बीच में कुछ गहराई होने के चलते कार दिखना बंद हो गई।
सुनगढ़ी क्षेत्र के दो लोग बाइफरकेशन घूमने के लिए पहुंचे थे। कार सीखने के दौरान संतुलन बिगड़ने से हादसा हुआ है। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को सुरक्षित निकाल लिया गया। नहर बंद होने के बाद ही कार बाहर निकाली जा सकेगी। - गौरव बिश्नोई, थाना प्रभारी, माधोटांडा