पीलीभीत। महोफ के जंगल में स्थित भीमताल जलाशय क्षेत्र में दो बाघों के बीच संघर्ष होने के बाद वन विभाग अलर्ट हो गया है। बताया जा रहा है कि दो दिन पूर्व दोनों बाघ आमने-सामने आ गए थे, जिसके बाद उनके बीच काफी देर तक संघर्ष हुआ। इस दौरान एक बाघ के घायल होने की भी सूचना सामने आई है।
मामला संज्ञान में आते ही डीएफओ मनीष सिंह ने संबंधित क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए। एहतियात के तौर पर एक दिन के लिए पर्यटन वाहनों की आवाजाही पर भी रोक लगा दी गई थी। हालांकि रविवार शाम की शिफ्ट में स्थिति सामान्य होने पर कुछ सफारी वाहनों को प्रवेश की अनुमति दे दी गई। वन विभाग की टीम लगातार क्षेत्र पर नजर बनाए हुए है और बाघों की गतिविधियों की मॉनिटरिंग की जा रही है। अफसरों के अनुसार क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है। संवाद