पूरनपुर। मैलानी से शाहगढ़ तक पटरी बदलने के बाद ट्रेनों का संचालन शुरू न होने के विरोध में सपाइयों ने रेलवे स्टेशन पहुंचकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने रेल मंत्री को ज्ञापन भेजकर मैलानी से पीलीभीत तक पटरी बदलने के चल रहे काम को शीघ्र पूरा कराकर ट्रेनों का संचालन कराने की मांग की।
नगर पालिका के पूर्व चेयरमैन मुन्ने मियां अंजाना के नेतृत्व में रेलवे स्टेशन पहुंचे सपाइयों ने मैलानी से शहागढ़ तक पटरी बदलने का काम पूरा होने के बाद ट्रेनों का संचालन शुरू न होने पर रोष व्यक्त कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने रेल मंत्री को ज्ञापन भेजा। ज्ञापन में कहा गया कि वर्ष 2018 से पटरी बदलने को लेकर ट्रेनों का संचालन बंद है। मैलानी से पीलीभीत तक का काम अब तक पूरा नहीं हो पाया है। पूरनपुर रेल की सर्वाधिक आय का स्टेशन है। ट्रेनों का संचालन न होने से लोगों को असुविधा हो रही है। कई व्यापारियों का व्यापार चौपट हो गया है। वाहनों का संचालन बढ़ने से हादसे बढ़ गए हैं। कई लोग अपनी जान गवां चुके है।
धीमी गति से हो रहे काम पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। ज्ञापन में पटरी बदलने का काम तेजी से पूरा कराकर ट्रेनों का संचालन कराने की मांग की गई। ज्ञापन में मुन्ने मियां अंजाना, नगर पालिका सदस्य तौफीक कादरी, मुशाहिद अली, सपा कार्यकर्ता सुरेश, शादाब सलमानी, अखलाक सलमानी, प्रेमप्रकाश, राम रक्षपाल, अंग्रेज सिंह, नितिन, शनि आदि के हस्ताक्षर थे।