पीलीभीत। साढ़े चार माह के कार्यकाल के बाद एसपी किरीट कुमार का तबादला सोमवार को आगरा के अभियोजन कार्यालय में कर दिया गया। शासन ने सोमवार को गोरखपुर के एसएसपी दिनेश कुमार प्रभु का स्थानांतरण कर उन्हें पीलीभीत का एसपी बनाया।
जिले में एसपी जय प्रकाश का 21 मार्च 2021 को तबादला होने के बाद 22 मार्च को किरीट कुमार राठौर ने बतौर एसपी पीलीभीत में कार्यभार ग्रहण किया था। शुरुआत से वह अपने सख्त रुख के लिए जाने जाते थे। इसलिए मातहतों में उनको लेकर तरह-तरह की चर्चा बनी रहती थीं। उनके कार्यकाल में पूरनपुर में ढाबा मलिक से 1.5 लाख ठगी के मामले में उन्होंने पांच सिपाहियों को लाइनहाजिर किया था। इसके बाद बरखेड़ा, बिलसंडा इंस्पेक्टर पर रिश्वत लेने के आरोप उन्हें भी थाने से हटाया था। स्थानांतरण से एक दिन पहले ही दो इंस्पेक्टरों और कुछ पुलिस कर्मियों का भी तबादला किया था। रविवार देर रात शासन ने उनका तबादला आगरा कर दिया। उनके स्थान पर अब दिनेश कुमार प्रभु को तैनाती दी गई। वह 2009 बैच के आईपीएस अफसर है। संभवत: मंगलवार को वह जिले में पहुंचकर अपना कार्यभार ग्रहण करेंगे।