पीलीभीत। छिपियान मस्जिद चौराहे के दुकानदारों ने रविवार को व्यापार मंडल और प्रशासन के विरोध में प्रदर्शन किया। दुकानदारों का आरोप था कि व्यापार मंडल के पदाधिकारी दुकानदारों की सुनने के बजाय प्रशासन का सहयोग कर रहे हैं। इससे दुकानदारों का उत्पीड़न हो रहा है। उनकी सुनने वाला कोई नहीं है।
छिपियान चौराहे के पास दुकानदारों ने प्रदर्शन करते हुए कहा कि शहर में कई व्यापार मंडल है। व्यापारी नेता उनका दुख दर्द जानने की कोशिश नहीं करते। व्यापारी नेता खुद सड़क पर अतिक्रमण किए हुए हैं। उनका अतिक्रमण प्रशासन को नहीं दिख रहा। जिन दुकानदारों ने नाले के ऊपर ग्राहकों के आने के लिए स्लैब डाल रखी है। प्रशासन उसे हटवाना चाह रहा है।
ऐसे में ग्राहक दुकान में कैसे आएंगे। व्यापारी नेता भी प्रशासन का सहयोग कर रहे हैं। व्यापार मंडल के पदाधिकारी दुकानदारों का कोई सहयोग नहीं कर रहे हैं। व्यापारियों ने कहा कि रविवार को सिटी मजिस्ट्रेट ने दुकानदारों के साथ जिस अंदाज में बात की वह सही नहीं था मगर व्यापारी नेता कुछ नहीं बोले।
बाजार में सफाई व्यवस्था पूरी तरह लचर है और प्रशासन का कोई ध्यान नहीं है। प्रदर्शन के दौरान सोमवार को डीएम से मिलने की रणनीति बनाई गई। प्रदर्शन करने वालों में प्रियंक कुमार, आकिब खां, इमरान मंसूरी, लबी, हनी अरोरा, वीरेंद्र अग्रवाल, सौरभ अग्रवाल, सलीम, सतीश, विशु, गुरुदेव अग्रवाल, सोनू शामिल रहे।
आरोप : व्यापारी नेता करते हैं अतिक्रमण
दुकानदारों का आरोप था कि व्यापारी नेता अपनी दुकान के आगे सामान रखकर सड़क पर अतिक्रमण करते है। इससे बाजार में जाम की स्थित बन जाती है। प्रशासन जब अतिक्रमण अभियान चलाता है, तो वह लोग उस दिन सामान हटा लेते है। अगले दिन फिर सड़क पर अतिक्रमण शुरू हो जाता है। जो प्रशासन को शायद दिखाई नहीं देता। सिर्फ उन्हीं लोगों का उत्पीड़न प्रशासन की ओर से किया जाता है।
स्टेशन रोड पर रविवार को नहीं दिखा अतिक्रमण
स्टेशन रोड पर चावला चौराहे से छिपियान मस्जिद तक सड़क के दोनों ओर दुकानों को सजाया जाता है। इस अतिक्रमण से बाजार में दिन भर जाम की स्थित बनी रहती है, मगर रविवार को अभियान की भनक लगते ही अतिक्रमण हटा लिया गया। जो दिन भर बाजार में चर्चा का विषय बना रहा।