पूरनपुर। असम हाईवे पर शुक्रवार दोपहर स्कूल गेट से निकल रही स्कूली बस तेज गति से जा रहे ट्रक की चपेट में आ गई। बस में सवार बच्चे बाल-बाल बच गए। हालांकि कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया।
दोपहर करीब ढ़ाई बजे असम हाईवे पर गांव मोहनपुर के समीप स्थित एक निजी स्कूल से बस बच्चों को लेकर निकली। इस दौरान पूरनपुर की ओर से खुटार की तरफ जा रहा ट्रक स्कूल गेट से निकल रही बस से टकरा गया। गनीमत रही कि हादसे में कोई घायल नहीं हुआ।
ट्रक से टकराने पर बस में बैठे बच्चों में कोहराम मच गया। बच्चे काफी भयभीत नजर आए। आननफानन में उन्हें बस से बाहर निकाला गया। स्कूल के प्रधानाचार्य संजीव कुमार कुशवाहा ने बताया कि हादसे में बस को कोई नुकसान नहीं पहुंचा। सूचना पर पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर कार्रवाई की है।