पीलीभीत। भाजपा में शुक्रवार देर शाम प्रत्याशियों की सूची जारी होते ही बगावत के सुर सुनाई पड़े। पूरनपुर से टिकट के दावेदार अशोक राजा ने इस्तीफा दिया है।
सीआरपीएफ में इंस्पेक्टर रहे अशोक राजा भाजपा में अनुसूचित जाति मोर्चा में क्षेत्रीय उपाध्यक्ष थे। वह भाजपा में कई पदों पर रह चुके है। पूरनपुर सुरक्षित सीट से टिकट की दावेदारी करने के साथ ही बीते पांच साल से विधानसभा क्षेत्र की राजनीति में सक्रिय रहे। पिछले चुनावों में भी टिकट मांग रहे थे। भाजपा सदस्यता अभियान में भी बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। बीते माह जिले में आई जन संदेश यात्रा में उन्होंने काफी भीड़ जुटाई थी। पार्टी से टिकट न मिलने से क्षुब्ध होकर शुक्रवार शाम उन्होंने भाजपा की प्राथमिक सदस्यता से त्याग पत्र दे दिया है। इससे भाजपा खेमा सदमे में है। दूसरी ओर अशोक राजा ने कहा कि इस्तीफा दिया है अब समर्थकों से वार्ता करके अगला निर्णय लेंगे।