राकेश टिकैत ने कहा कि विधानसभा चुनाव में उसी तरह से धांधली होगी, जिस तरह से जिला पंचायत अध्यक्ष पद के चुनाव में धांधली सामने आई थी। उन्होंने खुद को आंदोलनकारी बताया है।
भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने कहा कि चुनाव आयोग केंद्र सरकार के कब्जे में है। दूसरी सांविधानिक संस्थाओं में भी सरकार का हस्तक्षेप है। इसलिए विधानसभा चुनाव में वैसे ही धांधली होगी जैसे जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में धांधली सामने आई थी।
विज्ञापन
उन्होंने कहा कि जो सरकार जनता को धोखा देती है, उसे कोई बचा नहीं सकता। वे रविवार को पीलीभीत के पूरनपुर के एक ढाबे पर किसानों को संबोधित कर रहे थे। राकेश टिकैत ने कहा कि आगामी पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव में नहीं उतरेंगे। कहा, हम सब आंदोलनकारी हैं। हम किसान विरोधी ताकतों को चुनाव में हराएंगे।
किसान के मुद्दों पर तब तक लड़ाई जारी रखेंगे, जब तक कृषि कानून वापस नहीं हो जाते। अगर इसके बाद भी भाजपा जीत जाती है तो जान लीजिए कि गुंडागर्दी की जीत हुई है। उधर, रविवार सुबह बंडा से अमरिया जाते समय असम हाईवे पर किसान नेता स्वराज सिंह के ढाबे पर राकेश टिकैत ने कहा कि जो सरकार झूठ बोलती है और अपनी जनता को धोखा देती है। उसे कोई बचा नहीं सकता।
विज्ञापन
शर्म आनी चाहिए दिल्ली और लखनऊ में बैठे नुमाइंदों को। तराई में किसानों से धान खरीद के नाम पर लूट की जाती है। समर्थन मूल्य से एक हजार रुपये तक सस्ता धान खरीदा जाता है।