पीलीभीत। इंजन के ब्रेक फेल होने से विपरित दिशा में दौड़ी पूर्णागिरि जनशताब्दी एक्सप्रेस ट्रेन के मामले में शनिवार को जांच टीम ने पीलीभीत स्टेशन के अधीक्षक समेत कई के बयान लिए। सभी को बयान देने के लिए इज्जतनगर मंडल कार्यालय बुलाया गया था।
टनकपुर रेल खंड पर 17 मार्च को पीलीभीत से टनकपुर जा रही पूर्णागिरि जनशताब्दी एक्सप्रेस ट्रेन की टनकपुर के होम सिगनल के पास गाय से टकराने के बाद ब्रेक फेल हो गए थे। जिसके कारण ट्रेन 24 किलोमीटर इंजन के विपरित दिशा में दौड़ी थी। इस मामले में उसी दिन टीम को मौके पर भेजकर जांच शुरू करा दी गई थी। घटना को लेकर तीन कर्मचारियों को सस्पेंड किया गया था। जांच मौके पर कई कर्मचारियों को बयान लिए गए थे। शनिवार को पीलीभीत स्टेशन अधीक्षक धर्मेंद्र कुमार, खटीमा स्टेशन मास्टर कल्लूराम, बनबसा स्टेशन मास्टर अमरेंद्र कुमार, टनकपुर स्टेशन अधीक्षक डीएस दरियाल, क्रो कंट्रोलर संतोष कुमार के इज्जतनगर मंडल कार्यालय में बुलाकर जांच टीम ने बयान दर्ज किए। हालांकि मुख्य यातायात निरीक्षण संतोष कुमार (द्वितीय) का स्वास्थ्य खराब होने के कारण बयान नहीं हो सके। इस संबंध में पीआरओ राजेंद्र सिंह ने बताया कि मामले की जांच चल रही है। संबंधित विभागों के अधिकारियों के बयान लिए जा रहे है। जल्द ही जांच पूरी हो जाएगी।