पूरनपुर। कृषि विभाग ने बुधवार को जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में कीटनाशक विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों पर छापा मारा। इस दौरान कुल पांच कीटनाशकों के नमूने लिए गए। इन नमूनों को गुणवत्ता परीक्षण के लिए राजकीय प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
उप कृषि निदेशक राम मिलन सिंह परिहार ने पूरनपुर क्षेत्र में अभियान चलाया। उन्होंने शंकर खाद भंडार, अन्नजोत एग्रीजंक्शन, जमुनिया, श्री राम एंटरप्राइजेज से तीन नमूने लिए। जिला कृषि अधिकारी विनीत कुमार ने बीसलपुर क्षेत्र में कार्रवाई की। उन्होंने गुप्ता खाद भंडार, रड़ैता और ऋद्धि सिद्धि एग्रोकेमिकल, जोगीठेर से दो नमूने संग्रहित किए। उनके अनुसार, शासन के निर्देशानुसार इस प्रकार की जांच आगे भी लगातार जारी रहेगी।