जहानाबाद कस्बे के मोहल्ला कुरैशियान की मस्जिद के बाहर तैनात दरोगा।स्रोत:पुलिस
पीलीभीत। संभल की घटना के बाद जिले की पुलिस सतर्क है। विशेष सावधानी बरती जा रही है। शुक्रवार को जुमे की नमाज को लेकर जामा मस्जिद समेत जिलेभर की मस्जिदों के बाहर पुलिस मौजूद रही। अफसरों ने भी कई जगह भ्रमण कर नजर रखी। शांतिपूर्ण तरीके से नमाज के संपन्न होने के बाद अफसरों ने राहत की सांस ली।
संभल की घटना के बाद पड़े पहले जुमे को लेकर पुलिस की ओर से सतर्कता बरती गई। एडीजी जोन के आदेश के बाद एसपी ने जिले भर की मस्जिदों में नमाज को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने को लेकर रूपरेखा तैयार की थी।
इसके लिए शहर के अलावा देहात क्षेत्र में जुमे की नमाज के दौरान मस्जिदों के बाहर पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई। शुक्रवार को निर्धारित समय से पूर्व पुलिस मस्जिदों के बाहर तैनात हो गई। शहर की जामा मस्जिद, बेलों वाला चौराहा, कमल्ले चौराहा, लाल रोड, नौगवा पकड़िया, चिड़ियादाह, अल्लाहु मियां मजार समेत अन्य मस्जिदों के बाहर पुलिस तैनात रही। सीओ सिटी दीपक चतुर्वेदी के अलावा थाना प्रभारी भी क्षेत्र में नजर बनाए रहे।
इसके अलावा जहानाबाद, माधोटांडा, कलीनगर, अमरिया, बरखेड़ा समेत देहात क्षेत्रों में पुलिस ने पैनी नजर रखी। नमाज के शांतिपूर्ण संपन्न होने के बाद अफसरों ने राहत महसूस की। एएसपी वीरेंद्र कुमार ने बताया कि सब जगह शांति रही।