पूरनपुर। लखीमपुर के गोला गोकर्णनाथ से भूतनाथ का मेला देखकर लौट रहे थाना घुंघचाई के गांव जितौरिया टांडा निवासी धर्मजीत (21) की ट्रॉली पलटने से मौत हो गई। शाहजहांपुर के खुटार थाना क्षेत्र में गांव मोहनपुर के समीप हुए इस हादसे में आशीष, सुमित सहित आठ लोग घायल हो गए। घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया है।
गांव जितौरिया टांडा निवासी सुमित, आशीष ने बताया कि गांव और आसपास गांव से 35 लोग गोला गोकर्णनाथ में भूतनाथ का मेला देखने रविवार को ट्रैक्टर-ट्रॉली से गए थे। सोमवार को सभी ट्रैक्टर-ट्रॉली से लौट रहे थे। असम हाईवे पर खुटार थाना क्षेत्र में गांव मोहनापुर के समीप ट्रैक्टर के अनियंत्रित होने से ट्रॉली पलट गई।
हादसे में धर्मजीत, सुमित, आशीष सहित आठ लोग घायल हो गए। धर्मजीत को बांकेगंज सीएचसी ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद धर्मजीत को वहां से लखीमपुर खीरी रेफर कर दिया गया। परिजन धर्मजीत को देर शाम 7:30 बजे सीएचसी पूरनपुर लेकर आए। यहां चिकित्सक ने धर्मजीत को मृत घोषित कर दिया। धर्मजीत अपने दो भाइयों में छोटा था। उसका बड़ा भाई आनंदराम है। धर्मजीत मेहनत मजदूरी करता था। आशीष ने बताया कि उसके सहित अन्य को मामूली चोटें आई हैं।
हादसे में बाइक सवार नेपाली नागरिक की मौत, एक घायल
पूरनपुर। असम हाईवे पर किसी वाहन की चपेट में आकर बाइक सवार दो नेपाली युवक घायल हो गए। पूरनपुर सीएचसी पहुंचने पर चिकित्सकों ने नेपाल के कंचनपुर जिले के कुशवाहा क्षेत्र निवासी देव कुमार (45) को मृत घोषित कर दिया।
हादसा सोमवार रात करीब आठ बजे हुआ। बताया जाता है कि देव कुमार और उसका साथी नेपाल के कोहलपुर निवासी राजू दोनों पूरनपुर क्षेत्र के हाईवे किनारे स्थित एक ढाबा पर काम करते थे। सोमवार शाम दोनों बाइक पर सवार होकर सकरिया गांव में कुछ सामान खरीदने के लिए ढाबे से निकले थे।
गांव के निकट पहुंचने पर उनकी बाइक किसी वाहन की चपेट में आ गई। इससे दोनों गंभीर घायल हो गए। सूचना पर ढाबे से अन्य लोग भी मौके पर पहुंच गए। घायलों को पूरनपुर सीएचसी लाया गया। जहां चिकित्सकों ने देव कुमार को मृत घोषित कर दिया। राजू का उपचार जारी है। सूचना पर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। कोतवाल सत्येंद्र कुमार ने बताया कि शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा जा रहा है। संवाद
ट्रक ने दो ई-रिक्शों को मारी टक्कर, छह लोग घायल
- हरिद्वार नेशनल हाईवे पर जहानाबाद क्षेत्र में हुआ हादसा
- हादसे में ई-रिक्शा में बैठी किशोरी के दोनों पैर कुचले
संवाद न्यूज एजेंसी
जहानाबाद। हरिद्वार नेशनल हाईवे पर निसरा गांव के पास सोमवार दोपहर अनियंत्रित ट्रक ने मार्ग से गुजर रहे दो ई-रिक्शा को टक्कर मार दी। हादसे में ई-रिक्शा में सवार किशोरी समेत छह लोग घायल हो गए। हादसे में किशोरी के दोनों पैर कुचल गए। सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने ट्रक कब्जे में ले लिया है।
अपराह्न करीब दो बजे हरिद्वार नेशनल हाईवे पर पीलीभीत की ओर जा रहे 18 टायर वाले ट्रक ने निसरा चौराहे के पास अनियंत्रित होकर मार्ग से गुजर रहे दो ई-रिक्शा को टक्कर मार दी। हादसे में ई-रिक्शों के परखच्चे उड़ गए। छह लोग घायल हो गए। एक ई-रिक्शा पर सवार अमखीड़िया निवासी रहबीना (14) पुत्री अनवार अहमद के दोनों पैर कुचल गए।
किशोरी मदरसे से पढ़ाई कर घर लौट रही थी। ई-रिक्शा के चालक मोहम्मद अतहर भी घायल हो गए। दूसरे ई-रिक्शा पर सवार अमरिया के इस्लामनगर निवासी नेहा पत्नी जावेद, उनकी आठ वर्षीय पुत्री आफिया, छह वर्षीय पुत्र सायान व 60 वर्षीय छिद्दा निवासी ग्राम भिकारीपुर गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई। लोगों ने ट्रक और उसके चालक को पकड़ लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस की मदद से जहानाबाद सीएचसी भिजवाया। प्राथमिक उपचार के बाद सभी को जिला अस्पताल रेफर किया गया। थाना प्रभारी मनोज मिश्रा ने बताया कि ट्रक को कब्जे में लिया गया है। मामले में तहरीर के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।