पीलीभीत। जिला अस्पताल में नौकरी लगवाने के नाम पर आरोपी ने पीड़ित से डेढ़ लाख रुपये और अभिलेख ले लिए। काफी समय बाद भी जब नौकरी नहीं लगी तो पीड़ित ने आरोपी से संपर्क किया। रुपये मांगने पर जान से मारने की धमकी दी गई। पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
सुनगढ़ी क्षेत्र के गांव नौगवा पकड़िया निवासी मोहम्मद जफर ने एसपी के आदेश पर सुनगढ़ी थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि नवंबर 2023 में उसके पुत्र की दिमागी हालत ठीक न होने पर मोहल्ला छोटा खुदागंज निवासी तौफीक को झाड़फूंक करने के लिए बुलाया था। कुछ समय बाद दिसंबर 2023 में तौफीक ने उसकी पत्नी की जिला अस्पताल में नौकरी लगवाने की बात कहकर 2.50 लाख रुपये की मांग की।
उसकी बातों पर विश्वास कर उसने डेढ़ लाख रुपये और पत्नी के शैक्षिक अभिलेख आरोपी को दे दिए। आरोपी ने दो माह में नौकरी लग जाने की बात कही। लंबा समय बीतने के बाद भी नौकरी नहीं लगी। इस पर उसने आरोपी से संपर्क किया तो वह टालमटोल करने लगा।
20 मई 2025 को वह अपनी पत्नी और रिश्तेदारों के साथ आरोपी के घर पहुंचा और रुपये मांगे। आरोपी ने गाली-गलौज कर मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि कई अन्य लोगों से भी तौफीक ठगी कर चुका है। इंस्पेक्टर पवन कुमार पांडेय ने बताया कि मामले की विवेचना कराई जा रही है।