पीलीभीत। दहेज में कार और तीन लाख रुपये की मांग पूरी न होने पर विवाहिता के साथ मारपीट की गई। आरोप है कि पति समेत ससुराल के लोगों ने जान से मारने की नीयत से उसका गला दबाया और घर से निकाल दिया। सुनगढ़ी पुलिस ने तहरीर के आधार पर छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
सुनगढ़ी क्षेत्र के ग्राम जंगरौली निवासी फरहा बी ने सुनगढ़ी पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि उसकी शादी वर्ष 2017 में शाहजहांपुर के निगोही थाना क्षेत्र के ग्राम लोहरगवा निवासी सलमान पुत्र हिमायत खां से हुई थी। मायके पक्ष के लोगों ने हैसियत के अनुसार दान-दहेज दिया, लेकिन ससुराल के लोग संतुष्ट नहीं हुए।
आरोप है कि पति सलमान, जेठ इमरान, नंद तहजीब, तबस्सुम, जेठानी इमराना और ननदोई ने दहेज में बाइक और तीन लाख रुपये की मांग को लेकर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। वर्ष 2024 में उसे घर से निकाल दिया। रिश्तेदारों के समझाने पर वह ससुराल जाकर रहने लगी।
आरोप है कि कुछ समय बाद आरोपियों ने दोबारा उसके साथ मारपीट कर जान से मारने की नीयत से गला दबाया। इसके बाद 15 मई 2025 को उसके मारपीट कर घर से निकाल दिया। इंस्पेक्टर पवन कुमार पांडेय ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी गई है।