माधोटांडा। 250 ग्राम विस्फोटक पदार्थ के साथ पकड़े गए नेपाली नागरिक से बुधवार देर रात माधोटांडा थाने में पूछताछ की गई। पुलिस के अलावा एसएसबी, एसआईयू समेत अन्य एजेंसियों से जुड़े अधिकारियों ने हर पहलु पर जांच और पूछताछ की, लेकिन संदिग्ध इनपुट नहीं मिला। पूछताछ में सामने आया कि दाद-खाज व खुजली में दवा के रूप में इस्तेमाल करने के लिए ये पदार्थ ले आया था। हालांकि लाइसेंस न होने पर एसएसबी के मुख्य आरक्षी की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर चालान की कार्रवाई की है।
बुधवार शाम माधोटांडा क्षेत्र के तराई इलाके में नगरिया कट क्षेत्र में मामला सामने आया था। एसएसबी जवानों ने गश्त के दौरान शारदा नदी के ढकिया घाट पर एक नेपाली नागरिक को रोका और संदिग्ध गतिविधियां मिलने पर उसकी तलाशी ली। इसपर उसके बैग से दो खतरनाक एक्सप्तोरस के 250 ग्राम क्षमता के दो पाउच बरामद किए गए। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम कन्हैया राना निवासी ग्राम परसिया लालझाड़ी, पोस्ट बालझाड़ी, जिला कंचनपुर, नेपाल बताया।
बरामद पदार्थ पर इंडो सूपर पावर 90 अंकित था। जवानों ने आरोपी से विस्फोटक रखने और ले जाने संबंधी लाइसेंस मांगा, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। थाना प्रभारी अशोक पाल सिंह ने बताया कि पूछताछ में सामने आया कि आरोपी उत्तराखंड के श्रीनगर में पुल निर्माण में कार्य करता है। इस पर संबंधित ठेकेदार से भी संपर्क कर जानकारी जुटाई गई। हर पहलू पर जांच की गई। हालांकि विस्फोटक पदार्थ रखने के लिए लाइसेंस होना जरूरी है। इसके लिए उसके खिलाफ एसएसबी के मुख्य आरक्षी की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। संवाद