बीसलपुर पालिका सभागार में आयोजित हुई बोर्ड की बैठक।संवाद
बीसलपुर। नगर पालिका सभागार में सोमवार की शाम हुई पालिका की वार्षिक बजट बैठक में 74.13 करोड़ रुपये का बजट मंजूर हुआ। बैठक में 74 करोड़ 13 लाख रुपये की अनुमानित आय और करीब इतने ही अनुमानित व्यय का वार्षिक बजट पेश किया गया। बजट को सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई।
बैठक में नगर में अधूरे पड़े निर्माण कार्यों को अति शीघ्र पूरा कराने, आवश्यकतानुसार नए निर्माण कार्य कराने, नगर के निजी शिक्षण संस्थानों से कर वसूल करने, पशु आश्रय गृह का विभागीय भवन बनवाने का प्रस्ताव मंजूर हुआ। सफाई व्यवस्था, पथ प्रकाश व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति व्यवस्था और अधिक मजबूत बनाने आदि महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। कुछ सभासदों ने पालिका की आय बढ़ाने के संबंध में सुझाव दिए, इन पर अति शीघ्र अमल करने का आश्वासन दिया गया।
बैठक की अध्यक्षता नगर पालिका अध्यक्ष शशि जायसवाल ने और संचालन अधिशासी अधिकारी शमशेर सिंह ने किया। बैठक में अधिकांश सभासद और नगर पालिका के सभी पटलों के प्रभारी मौजूद रहे। आयोजन समिति के अमन जायसवाल ने आगंतुकों का आभार जताया।