बीसलपुर। विभागीय अनदेखी के कारण तहसील क्षेत्र में एक हजार से अधिक बिजली के कनेक्शन मृतकों के नाम काफी समय से चल रहे हैं। अभिलेखों के अनुसार, इस तहसील क्षेत्र में एक लाख से अधिक बिजली के कनेक्शन हैं।
नियमानुसार, मृतकों के नाम बिजली के कनेक्शन नहीं चल सकते हैं। इसकी जानकारी बिजली निगम के स्थानीय अधिकारियों को बखूबी है, लेकिन वे इस ओर ध्यान नहीं दे रहे। नगर के अलावा बिलसंडा, बरखेड़ा, रसिया खानपुर, दियोरिया, भदेंग कंजा, मीरपुर वाहनपुर, ईंटगांव, बमरौली, टिकरी, ज्योराह कल्याणपुर, मधवापुर, पौटा कला, खमरिया पंडरी, चुर्रा सकतपुर और पैनिया हिम्मत में मृतकों के नाम बिजली कनेक्शन चल रहे हैं। ऐसे कनेक्शनों की संख्या बीसलपुर में सबसे अधिक है। कनेक्शनधारकों की जब किसी तरह से मौत हो जाती है तो उनके परिजन बिल तो जमा करते रहते हैं, लेकिन कनेक्शन अपने नाम नहीं कराते।
नियमानुसार, निगम की ओर से प्रत्येक वर्ष अभियान चलाया जाना चाहिए। अभियान के तहत मृतकों के कनेक्शन उनके परिजनों के नाम किए जाने की कार्रवाई की जानी चाहिए। इस तरह का कोई अभियान इस तहसील क्षेत्र में पिछले कई दशकों से नहीं चला है। संवाद
-
जल्द अभियान चलाया जाएगा : उपखंड अधिकारी
बीसलपुर के उपखंड अधिकारी प्रवीण कनौजिया ने बताया कि मृतकों के नाम चल रहे कनेक्शन का बिल नियमित रूप से जमा होता रहता है। इसलिए आमतौर पर ध्यान नहीं दिया जाता है। जो लोग अपने मृतक पूर्वजों के नाम के कनेक्शन अपने नाम करवाने के लिए आवेदन करते हैं। उनके नाम कनेक्शन तत्काल कर दिए जाते हैं, जो मामले संज्ञान में आ जाते हैं, उनमें मृतकों के नाम के चल रहे कनेक्शन उनके पुत्रों के नाम कर दिए जाते हैं। जल्द अभियान चला कर इस समस्या का समाधान कराया जाएगा।