कटकवारा गांव में कार्यवाहक प्रधान चुनने के लिए मौजूद सदस्य।
- फोटो : PILIBHIT
बरखेड़ा। कटकवारा ग्राम पंचायत के लिए मनोज कुमार को सर्वसम्मत्ति से प्रधान चुन लिया गया। ग्रामीणों को अब गांव के विकास को रफ्तार मिलने की उम्मीद जगी है। खंड विकास अधिकारी सुनील कुमार वर्मा ने बताया कि कटकवारा के ग्राम प्रधान अमित कुमार को एक पेट्रोल पंप के सेल्समैन के साथ हुई लूट की घटना में शामिल होेने के आरोप में पुलिस ने 24 मार्च, 2022 को जेल भेज दिया था। तब से विकास कार्य ठप हो गए थे।
जिला अधिकारी ने 17 मई को ग्राम पंचायत सदस्य अगनलाल को कार्यवाहक ग्राम प्रधान मनोनीत कर दिया था। इसके विरोध में ग्राम पंचायत सदस्य रूपवती ने हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की थी। उन्होंने बताया कि इसके बाद हाईकोर्ट ने आठ जून को डीएम पीलीभीत को आदेश दिया कि सब डिवीजन मजिस्ट्रेट स्तर के अधिकारी की उपस्थिति में ग्राम पंचायत सदस्यों की बैठक बुलवाकर कार्यवाहक ग्राम प्रधान सर्वसम्मति से चुना जाए। हाईकोर्ट के आदेश पर डीएम ने उप जिलाधिकारी बीसलपुर को तीन दिन में ग्राम पंचायत सदस्यों की बैठक कर कार्यवाहक ग्राम प्रधान चुनने के आदेश दिए।
इस पर उप जिलाधिकारी बीसलपुर ऋषिकांत राजवंशी ने शुक्रवार को बैठक बुलाई। बैठक में 13 ग्राम पंचायत सदस्यों में से 12 ने भाग लिया। बैठक में ग्राम पंचायत सदस्य मनोज कुमार का प्रस्ताव कार्यवाहक ग्राम प्रधान के लिए रखा। मौजूद ग्राम पंचायत सदस्यों के समर्थन करने पर मनोज कुमार को सर्वसम्मति से ग्राम प्रधान चुन लिया गया। इस दौरान एसडीएम बीसलपुर ऋषिकांत राजवंशी, बीडीओ सुनील कुमार वर्मा, सहायक विकास अधिकारी पंचायत, ग्राम सचिव श्रीमती नेहा मौजूद रहे।