पीलीभीत। बराही रेंज के जंगल से बाहर तेंदुए की सक्रियता लगातार जारी है। बुधवार रात खेतों में घूम रहा तेंदुआ माधोटांडा क्षेत्र के गांव बरूआ कुठारा की सीमा में पहुंच गया। यहां ग्रामीण राजू के घर में घुसकर आंगन में बंधी बकरी को निवाला बना लिया। आहट पर उठे परिवार वालों के शोर शराब करने पर तेंदुआ वहां से आगे की ओर निकल गया। सूचना के बाद वनकर्मियों ने मौका मुआयना कर जानकारी जुटाई।
बराही रेंज के तहत मझारा क्षेत्र में कई माह से तेंदुओं की सक्रियता देखी जा रही है। आबादी क्षेत्र में पहुंचकर तेंदुए लगातार मवेशियों को निवाला बनाने में जुटे हैं। पूर्व में घर की सीमा में घुसे तेंदुए के हमले में एक मासूम बच्ची की मौत भी हो चुकी है। इधर, बुधवार रात जंगल से बाहर निकला तेंदुआ बरूआ कुठारा गांव की सीमा में पहुंच गया और ग्रामीण राजू ने बताया कि आधी रात के बाद घर में घुसे तेंदुए ने आंगन में बंधी को निवाला बनाया। आहट पर परिवार वाले जागे और शोर शासन किया। इस पर तेंदुआ आगे की ओर निकल गया। ग्रामीण बूटा सिंह के मुताबिक रात को तेंदुआ उनके घर के निकट भी पहुंच गया था। सूचना के बाद बृहस्पतिवार को क्षेत्रीय वनकर्मी सियाराम ने मौके पर पहुंच जानकारी जुटाकर निगरानी बढ़ाई है। रेंजर बजीर हसन ने बताया कि तेंदुए की निगरानी जारी है। क्षेत्रीय वनकर्मियों को तेंदुए पर नजर रखने के निर्देश दिए गए है। ग्रामीणों से भी सतर्क रहने की अपील की गई है।