पीलीभीत। कोरोना का संक्रमण रोकने के लिए अमरिया को हॉटस्पॉट घोषित कर दिया गया है। शासन से निर्देश मिलने के बाद शनिवार सुबह छह बजे से पूरा इलाका सील कर दिया गया। हर घंटे पुलिस और मजिस्ट्रेट की ड्यूटी लगा दी गई।
सऊदी अरब से 35 लोगों का जत्था लौटने के बाद अमरिया के मां-बेटे कोरोना संक्रमित पाए जाने के कारण इस कस्बे को हॉटस्पॉट घोषित किया गया है। इस दौरान कस्बे से आवाजाही पर पूरी तरह रोक रहेगी। कोई भी अपने घर से बाहर नहीं निकलेगा। आवश्यक चीजों की सप्लाई घर पर ही दी जाएगी। शनिवार को शासन से अमरिया को हॉटस्पॉट घोषित कर पूरा इलाका सील करने के निर्देश दिए गए।
इसके बाद डीएम वैभव श्रीवास्तव ने कस्बे को हॉटस्पॉट घोषित कर दिया। पूरे इलाके में लॉकडाउन का सख्ती से पालन कराया जाएगा। इलाके के सभी लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण होगा और कस्बे में सैनिटाइजर का छिड़काव कराया जाएगा। निगरानी के लिए मजिस्ट्रेटों की तैनाती भी कर दी गई है।
कोरोना वायरस की रोकथाम के लिए लॉकडाउन का सख्ती से पालन कराया जा रहा है। अमरिया से दो संक्रमित सामने आए थे, इसी को देखते हुए इलाका हॉटस्पॉट घोषित किया गया है। - वैभव श्रीवास्तव, डीएम