पीलीभीत। सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। जहानाबाद के बाद अब बीसलपुर के परसिया गांव के रहने वाले राहुल मिश्रा ने विवादित पोस्ट फेसबुक पर की है। मामला संज्ञान में आने पर दरोगा पवन कुमार की तरफ से धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाकर माहौल खराब करने की कोशिश और आईटी एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई।
लॉकडाउन के बीच जब शासन प्रशासन कोरोना से जंग जीतने की कोशिश में लगा है। इसी बीच कुछ खुराफाती भी सक्रिय हैं। कभी सरकार के प्रयास तो कभी दूसरे धर्मों को लेकर विवादित पोस्ट करके माहौल बिगाड़ने का काम कर रहे हैं। जहानाबाद में चार मामले सामने आ चुके है। इसमें एक में सुलह हो गई, दो को पुलिस जांच के नाम पर दबा दिया, जबकि एक मे सख्ती करते हुए रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी की जा सकी। सुनगढ़ी के गौहनिया गांव में ब्रह्मदेव स्थल पर पीपल के पेड़ की टहनियां काटी गईं। इसके बाद अब बीसलपुर में खुराफात की गई है।
परसिया गांव के राहुल मिश्रा ने फेसबुक पर पोस्ट की। इसमें दूसरे धर्म को भड़काने वाले शब्द लिखे। कोतवाल केशव कुमार तिवारी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच कराई जा रही है।
सोशल मीडिया पर कुछ खुराफाती सक्रिय हुए हैं। इसको लेकर साइबर सेल को गम्भीरता से निगरानी में लगाया है। बीसलपुर के मामले में भी रिपोर्ट दर्ज करा दी गयी है। ऐसा करने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा। - अभिषेक दीक्षित, एसपी