पीलीभीत। जनपद स्तरीय विद्यालय खो-खो प्रतियोगिता में शनिवार को एकतरफा मुकाबले देखने को मिले। शहर के चिरौंजी लाल वीरेंद्र पाल सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के खेल मैदान में हुई प्रतियोगिता में अंगूरी देवी बालिका इंटर कॉलेज की छात्राओं ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। वहीं, चिरौंजी लाल वीरेंद्र पाल सरस्वती विद्या मंदिर के छात्रों ने सभी वर्गों के मुकाबले जीते।
जनपद स्तरीय विद्यालय खो-खो प्रतियोगिता में नौ विद्यालयों की टीमों ने प्रतिभाग किया। अंडर-14 बालिका वर्ग में उच्च प्राथमिक विद्यालय हरिया बिलसंडा की टीम ने जीत हासिल की। अंडर-17 बालिका वर्ग में अंगूरी देवी बालिका इंटर कॉलेज ने एसआरएम इंटर कॉलेज की टीम को 11-2 से पराजित किया। वहीं, अंडर-19 बालिका वर्ग में अंगूरी देवी बालिका इंटर कॉलेज पंडित दीनदयाल उपाध्याय मॉडल स्कूल खमरिया पुल की टीम को 12-0 से करारी शिकस्त दी।
बालक की टीमों के बीच हुए मुकाबले में अंडर-14 में चिरौंजी लाला वीरेंद्र पाल की टीम ने उच्च प्राथमिक स्कूल हरिया बिलसंडा को रोमांचक मुकाबले में 9-7 से हराया। अंडर-17 में चिरौंजी लाल वीरेंद्र पाल की टीम ने एसआरएम इंटर कॉलेज को 14-3 से पराजित किया। वहीं, अंडर-19 में चिरौंजी लाल वीरेंद्र पाल की टीम ने एसआरएम इंटर कॉलेज बीसलपुर को 4-2 से हराकर जीत हासिल की।
जिला क्रीड़ा सचिव राजेश कुमार शुक्ला ने बताया कि प्रदर्शन के आधार पर बालक व बालिकाओं का चयन किया जाएगा। चयनित खिलाड़ियों को मंडलीय विद्यालय खो-खो प्रतियोगिता में प्रतिभाग का मौका मिलेगा। प्रतियोगिता को संपन्न कराने में मुख्य निर्णायक प्रशांत कुमार शुक्ला, रवि प्रताप, विजयलक्ष्मी, प्रशांत सक्सेना आदि ने सहयोग किया। इस मौके पर विभा मिश्रा, अनीता दीक्षित, गजेंद्र पाल, अमित वर्मा, कुलदीप, फैजान अली आदि मौजूद रहे।