पीलीभीत। मिशन कायाकल्प के तहत 362 सरकारी स्कूलों की सूरत बदली जाएगी। गांधी जयंती के दिन जनपद भर में इसकी एक साथ शुरुआत होगी। प्राइमरी और जूनियर स्कूलों में साफ सफाई के साथ ही भवनों में टाइल्स लगाकर सौंदर्यीकरण कराया जाएगा। बुधवार रात गांधी सभागार में बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ डीएम पुलकित खरे ने बैठक कर कार्ययोजना बनाकर काम कराने के निर्देश दिए।
वैसे तो सरकारी विद्यालयों की सूरत बदलने के लिए लंबे समय से प्रयास किए जा रहे हैं। मगर घोटालेबाजी और कमीशनखोरी के चलते अब तक प्राइमरी और जूनियर स्कूलों में कराए गए काम धरातल पर नहीं दिखाई दिए। अब भी मिशन कायाकल्प को लेकर स्कूलों में काम कराया जाना बाकी है।
इस बार डीएम ने मिशन कायाकल्प की स्वयं निगरानी करने का निर्णय लिया है। डीएम ने कहा कि 216 प्राथमिक और 146 उच्च प्राथमिक विद्यालयों में कायाकल्प का काम एक साथ शुरू कराया जाएगा। स्कूलों में प्रतिदिन टाइल्स की उपलब्धता के संबंध में सूचना मांगी जाएगी। इसकी जिम्मेदारी डीपीआरओ की होगी। किसी भी स्कूल के भवन निर्माण समेत अन्य कामों में गड़बड़ी की गई तो संबंधित अधिकारी और कर्मचारी पर सख्त कार्रवाई होगी।