कार्तिक पूर्णिमा मेले पर देवहा नदी गाजीपुर बरखेड़ा में लगा जाम।संवाद
बरखेड़ा। बरखेड़ा-नवाबगंज मार्ग के देवहा नदी पुल पर लगे जाम की वजह से शुक्रवार को तीन घंटे तक श्रद्धालुओं और आम लोगों को जूझना पड़ा। यहां तीन घंटे तक आवागमन ठप रहा। पैदल राहगीर भी परेशान हुए। गन्ना भरे वाहनों की आवाजाही से लगे जाम में थाना पुलिस की लापरवाही भी सामने आई। मेले में पुलिस के मौजूद न होने से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
देवहा पुल पर कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर मेले का आयोजन होता है। बरखेड़ा और आसपास के गांवों के लोग घाट पर स्नान करने पहुंचते हैं। मेला और कार्तिक पूर्णिमा स्नान के बावजूद शुक्रवार को यहां पुलिस की तैनाती नहीं की गई। गन्ना भरे वाहनों के आवागमन पर भी रोक नहीं लगाई गई।
मेले में पहुंचने वाले लोगों ने अपने ट्रैक्टर-ट्राॅली व अन्य वाहनों को सड़क किनारे खड़ा किया था। इससे मार्ग भी काफी संकरा हो गया। दोपहर करीब दो बजे आमने-सामने से गन्ना भरी ट्रैक्टर-ट्राॅली आने से जाम लग गया। लोग खुद ही काफी देर तक जाम खुलवाने का प्रयास करते रहे मगर, कामयाबी नहीं मिली।
पुल के दोनों ओर करीब डेढ़-डेढ़ किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। मामले की सूचना लोगों ने थाना पुलिस को दी। करीब दो घंटे के बाद मौके पर पुलिस पहुंची। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद जाम खुलवाया। इंस्पेक्टर मुकेश कुमार शुक्ला ने बताया कि पुलिस टीम पेट्रोलिंग कर रही थी। सूचना के बाद मौके पर जाकर जाम खुलवा दिया गया।