पूरनपुर। शारदा नदी में डोजिंग चेनेलाइजेशन का शुभारंभ बुधवार को हवन-पूजन के साथ हुआ। नदी तट पर हुए शुभारंभ कार्यक्रम में विधायक बाबूराम पासवान शामिल हुए। पहले दिन मशीनों से नदी से रेत हटाने का काम शुरू किया गया।
गांव चंदिया हजारा के समीप डोजिंग चेनेलाइजेशन के लिए करीब चार साल पहले स्वीकृति मिली थी। बजट जारी होने पर चेनेलाइजेशन के लिए मशीनें भी शारदा नदी के धनाराघाट तट पर आ गईं थीं। चेनेलाइजेशन शुरू होने से पहले ही वन विभाग ने बिना एनओसी काम होने पर आपत्ति लगा दी। इसके बाद मशीनें वापस चली गईं थीं।
बाद में चेनेलाइजेशन कराने, बाढ़ से नुकसान का मुआवजा दिलाने, कटान से बचाने के लिए जियो बैग लगाकर ठोकर बनवाने की मांग को लेकर गांव चंदिया हजारा में 105 दिन तक बेमियादी क्रमिक भूख हड़ताल की गई। राष्ट्रीय वन्य जीव बोर्ड की स्थायी समिति की बैठक में चेनेलाइजेशन का प्रस्ताव पास होने और जियो बैग लगाने को स्वीकृत मिलने पर भूख हड़ताल समाप्त कर दी गई।
बुधवार को शारदा नदी के तट पर डोजिंग चेनेलाइजेशन का हवन पूजन के साथ विधायक बाबूराम पासवान ने शुभारंभ कराया। हवन, पूजन में ग्राम प्रधान वासुदेव कुंडू और कई प्रमुख लोग शामिल हुए। प्रधान ने बताया कि पहले दिन नदी में पहुंची मशीनों से नदी से रेत हटाने का काम शुरू किया गया।
बता दें कि डोजिंग चेनेलाइजेशन से कई धारों में बंटी नदी को एक धार में किया जाएगा। नदी की मुख्य धार गहरी कर उससे निकली रेत को नदी किनारे लगाया जाएगा। ताकि इलाके को बाढ़ से निजात मिल सके।