बबिता रहेगी सुआबोझ, विनीत को वापस भेजा
सुआबोझ स्कूल में दो प्रधानाध्यापक की तैनाती का मामला
चुनाव आचार संहिता लगने से चंद दिन पहले आनन-फानन बेसिक शिक्षा विभाग में किए गए अध्यापकों के स्थानांतरण में हुई गलतियों को सुधारने में महकमा जुट गया है। इसी कड़ी में सुआबोझ प्राथमिक स्कूल में स्थानांतरण से दो प्रधानाध्यापकों की तैनाती हो जाने का मामला अमर उजाला में प्रकाशित होने के बाद विभागीय अधिकारियों ने गलती सुधारते हुए एक को वापस उनकी मूल तैनाती वाले विद्यालय में भेजने के निर्देश दिए हैं। साथ ही उस विद्यालय में पहले से इस पद पर तैनात अध्यापिका की शिकायत पर जांच के निर्देश बीईओ को दिए गए हैं।
जिले के ही दूसरे ब्लाकों में परिषदीय स्कूलों के शिक्षकों के स्थानांतरण में कथित तौर पर बड़े पैमाने पर बरती गई अनियमितता के चलते क्षेत्र के कई स्कूल एकल हो गए थे। इसी कड़ी में गांव सुआबोझ के प्राथमिक स्कूल में तैनात प्रधानाध्यापिका बबिता का स्थानांतरण बीसलपुर ब्लाक के गांव खरगपुर में किया गया था, जबकि गांव खरगपुर में प्राथमिक स्कूल ही नहीं है। सुआबोझ के प्राथमिक स्कूल नौजलिया में तैनात शिक्षक विनीत कुमार को प्रधानाध्यापक के पद पर स्थानांतरित किया गया था। शिक्षिका की गैरमौजूदगी में प्रधानाध्यापक विनीत ने स्कूल में ज्वाइन भी कर लिया था। इससे स्कूल में दो प्रधानाध्यापकों की तैनाती को लेकर असमंजस बना हुआ था। इस मामले की खबर अमर उजाला के नौ जनवरी के अंक में प्रमुखता से प्रकाशित होने के बाद विभाग में हड़कंप मच गया। उधर बबिता ने भी अधिकारियों को पत्र देकर दोनों स्थानांतरण गलत तरीके से होने के साथ शिक्षक विनीत कुमार द्वारा धोखाधड़ी कर प्रधानाध्यापक पद पर ज्वाइन करने आदि के आरोप लगाए थे। इसके बाद प्रभारी बीएसए ने आनन-फानन अध्यापक विनीत कुमार को उनकी तैनाती के मूल स्कूल में भेज दिया और खंड शिक्षा अधिकारी को शिक्षिका बबिता के शिकायती पत्र में अंकित बिंदुओं पर जांच कर आख्या देने के निर्देश दिए हैं।
गलत ढंग से हटाया था गुलड़िया के संकुल प्रभारी को
पूरनपुर। गुलड़िया भूपसिंह में तैनात एनपीआरसी को हटाकर सहायक अध्यापक को एनपीआरसी को सौंपी गई जिम्मेदारी को बीएसए ने शासनादेश के विपरीत पाते हुए शासनादेश के अनुसार संबंधित शिक्षक को एनपीआरसी की जिम्मेदारी सौंपने के निर्देश दिए हैं।
खंड शिक्षा अधिकारी ने पिछले दिनों गुलड़िया भूपसिंह के संकुल प्रभारी चांद मोहम्मद को विभिन्न अनियमितिता के आरोप पर हटा दिया था। उसी स्कूल के सहायक अध्यापक को संकुल प्रभारी बना दिया गया था। संकुल प्रभारी चांद मोहम्मद ने बीएसए को भेजे पत्र में शासनादेश के विपरीत उसे संकुल प्रभारी के पद से हटाने आदि की शिकायत की। प्रभारी बीएसए ने सहायक शिक्षक को संकुल प्रभारी बनाने का मामला शासनादेश के विपरीत माना। उन्होंने खंड शिक्षा अधिकारी को शासनादेश के अनुसार संकुल प्रभारी का कार्य संबंधित शिक्षक को सौंपने के निर्देश दिए हैं। साथ ही किसी भी स्थिति में शासनादेश के विपरीत संकुल प्रभारी का प्रभार अनर्ह शिक्षक को न सौंपने के निर्देश दिए हैं।