पूरनपुर। सीएचसी में महत्वपूर्ण अभिलेख गायब हो गए। जिस कक्ष में अभिलेख रखे गए थे उसका ताला भी लगा रहा। आखिर अभिलेख कैसे और कौन-कौन से गायब हुए हैं, इसकी जानकारी स्पष्ट नहीं हुई है। चर्चा है कि घपलेबाजी को छिपाने के लिए ऐसा किया गया। सूचना पुलिस को दी गई है। पुलिस ने अभिलेखों की सूची तलब की है।
सीएचसी के एक कक्ष में काफी पुराने दस्तावेज सुरक्षित रखे थे। कक्ष में ताला भी पड़ा था। कक्ष का न तो ताला टूटा और न ही चोरी के कोई सबूत मिले। मगर सीएचसी से तमाम महत्वपूर्ण अभिलेख गायब हो गए। प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. एएच अंसारी ने बताया कि सीएचसी परिसर के एक कक्ष में महत्वपूर्ण पुराने अभिलेख रखे थे। कुछ अभिलेख गायब होने की जानकारी चीफ फार्मेसिस्ट ने दी है। इस पर पुलिस को रिपोर्ट दर्ज कराने को कहा है। बताया कि कक्ष का ताला तो टूटा नहीं मिला। मगर, लगता है कि कोई रद्दी समझ कर अभिलेख चोरी कर ले गया है।
चीफ फार्मेसिस्ट दीपचंद जोशी से जानकारी पर वे भी अभिलेखों के गायब अभिलेखों के संबंध में नहीं बता सके। चीफ फार्मेसिस्ट ने सोमवार दोपहर को कोतवाली पहुंचकर गायब अभिलेखों की सूचना पुलिस को दी। कोतवाल में गायब हुए अभिलेखों की सूची मांगने के साथ जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया।