पीलीभीत। टोक्यो ओलंपिक में हॉकी में कांस्य पदक दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले सिमरनजीत के घर पर खुशियों का माहौल है। सिमरनजीत से मिलने के लिए रिश्तेदार घर पहुंच चुके हैं। उनके मनपसंद के पकवान बनाने की तैयारी की जा रही है। सिमरनजीत का पसंदीदा पकवान पनीर की सब्जी, चने और उर्द की दाल मां मंजीत कौर खुद बनाएंगी। वहीं आसपास गांव के लोग भी सिमरनजीत को देखने के लिए उनका इंतजार कर रहे हैं।
ओलंपिक में पदक मिलने पर पूरे देश में जीत का जश्न मनाया गया। पीलीभीत और उनके गांव मझोला फार्म में तो जमकर आतिशबाजी कर खुशियां मनाई गईं। सभी सिमरनजीत के खेल की तारीफ कर उनके आगमन पर भव्य स्वागत की तैयारी में जुटे रहे। जब उन्हें पता चला कि 20 अगस्त को वह पीलीभीत और मझोला फार्म आ रहे हैं तब उन्हें खुशी का ठिकाना नहीं रहा। इधर, परिवार भी उनका बेसब्री से इंतजार कर रहा है। रिश्तेदार भी मिलने के लिए बेकरार हैं। सिमरनजीत के आने की खुशी में उनके मनपसंद पकवान बनाने की तैयारी चल रही है। उनकी मां खुद बेटे के लिए पकवान बनाने के लिए जुटी हैं। मां मंजीत कौर ने बताया कि सिमरनजीत को पनीर की सब्जी, चने और उर्द की दाल सबसे ज्यादा पसंद है। साथ ही हरी सब्जियां उन्हें बेहद पसंद हैं। शुक्रवार को सिमरनजीत के आगमन पर उनकी मां यह पकवान खुद बनाएंगी और अपने हाथों से बेटे को खिलाएंगी। इतना ही नहीं उनकी जीत और आने की खुशी में परिवार वालों ने पार्टी का भी आयोजन किया है। खुशियों में शामिल होने के लिए उनके ननिहाल के लोग भी घर पहुंच गए हैं। सिमरनजीत के आने के लिए घर में भव्य टेंट लगाया गया है। जहां जश्न मनाया जाएगा।