पीलीभीत। रोजाना डेंगू के संदिग्धों की संख्या कम के बजाय बढ़ती जा रही है। बुधवार को 23 लोगों की स्वास्थ्य विभाग की ओर से डेंगू की जांच की गई। इसमें आठ लोग संदिग्ध मिले हैं। एक संदिग्ध बरेली का शामिल है। सभी का सैंपल जांच के लिए लखनऊ भेजा जा रहा है। जिले में अभी तक 48 लोगों में डेंगू की पुष्टि हो चुकी है।
सहायक जिला मलेरिया अधिकारी राजीव मौर्या ने बताया कि बुधवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने 23 लोगों की जांच की। इसमें आठ लोग संदिग्ध मिले हैं। इनकी जिला अस्पताल में जांच हुई थी। जबकि 15 लोगों की सीएचसी और पीएचसी में जांच हुई। इनमें दो न्यूरिया, एक बरखेड़ा, तीन अर्बन, एक पूरनपुर, एक शहर के निजी अस्पताल में जांच के दौरान बरेली का संदिग्ध मिला है। सभी की सैंपल जांच के लिए लखनऊ स्थित लैब भेजे जा रहे है। हालांकि अभी कोई ऐसा नहीं मिला, जिले भर्ती कराया जा सके। सबसे ज्यादा डेंगू मरीज शहर से सटे गांव चंदोई में है। वहां लगातार दवा का छिड़काव और घरों के अंदर फॉगिंग कराई जा रही है। इसके अलावा लोगों को साफ-सफाई के प्रति जागरूक किया जा रहा है। अभी तक जिले में 48 लोग डेंगू से पीड़ित मिल चुके है। सभी खतरे से बाहर है। लोगों को बेहतर इलाज को लेकर भी जागरूक किया जा रहा है।