पीलीभीत। विश्व क्षय रोग दिवस के उपलक्ष्य पर जिले में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। लोगों को टीबी की बीमारी के बारे में विस्तार से बताया गया। बीमारी से ग्रसित दो बच्चों को गोद लेकर प्रोटीन और खाद्य सामग्री वितरित की गई।
बुधवार को पुलिस लाइन सभागार कक्ष में विश्व क्षय रोग दिवस पर गोष्ठी का आयोजन हुआ। जहां वामा सारथी पुलिस फैमिली वेलफेयर एसोसिएशन की अध्यक्ष अर्चना और एसपी जयप्रकाश के नेतृत्व में कार्याशाला की गई। जागरूकता कार्यक्रम में बताया गया कि विश्व क्षय रोग दिवस पर इस बार की थीम ‘दी क्लॉक इज टिकिंग’ रखी गई। टीबी की रोकथाम के लिए समय-समय पर लोगों की जांच और इलाज के लिए जागरूक किया जाना ही मुख्य उदेश्य है। कभी-कभी सांस लेने में भी परेशानी हो जाती है। कोरोनाकाल में टीबी मरीजों को अधिक सावधानी बरतने की जरूरत है। मरीजों को डॉक्टर की सलाह पर दवा का सेवन करते रहना चाहिए। आम तौर पर कुछ मरीज बीच में ही दवा छोड़ देते हैं। कोरोनाकाल में इस तरह की लापरवाही भारी पड़ सकती है। कार्यक्रम में जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. राजेश भट्ट, सुपरवाइजर राजेश गंगवार समेत पुलिस कर्मी मौजूद रहे। जिला अस्पताल में लैब टेक्नीशियन अचल यादव ने टीबी वार्ड में भर्ती मरीजों को अपने स्तर से सीएमएस डॉ. रतनपाल सिंह सुमन और डॉ. रमाकांत सागर के हाथों मरीजों को प्रोटीन वितरण कराया। इसके अलावा बीसलपुर सीएचसी पर भी गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी में सीएचसी अधीक्षक डॉ. ठाकुरदास और सीएचसी के टीबी वार्ड के सुपरवाइजर मोहनलाल ने लोगों को जागरूक किया। इस दौरान मोहनलाल ने दो टीबी के मरीज बच्चों को गोद लेकर उन्हें प्रोटीन और उनके उपयोग में आने वाली खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई।