पीलीभीत। नये साल के पहले दिन पीलीभीत टाइगर रिजर्व और महोफ रेंज स्थित चूका बीच सैलानियों से गुलजार रहा। जिले के अलावा मुंबई, दिल्ली, लखनऊ समेत अन्य इलाकों से आए करीब छह सौ सैलानी चूका बीच पहुंचकर प्राकृतिक की अद्भुत छटा का लुत्फ उठाया। जंगल के बीच स्थित बाइफरकेशन में भी सैलानियों की भीड़ रही। पर्यटकों ने टाइगर सफारी की सैर कर जंगल में विचरण करते हिरन देखे ही, वहीं बरेली से आए सैलानियों को बाघ के दीदार होने से वह गदगद हो गए।
टाइगर रिजर्व प्रशासन ने नये साल पर सैलानियों की अधिक संख्या को लेकर तैयारियों को पहले ही पूरा कर लिया था। निजी वाहनों से एंट्री प्वाइंट मुस्तफाबाद पहुंचे पर्यटकों के वाहन की अधिक संख्या को देखते हुए उनके पार्किंग के लिए जगह कम पड़ सकती थी, साथ ही जंगल सफारी के लिए वन निगम के पास मौजूद पांच टाटा जीनान और 17 जिप्सी भी कम पड़ने पर पर्यटकों को निजी वाहनों से नियमानुसार खर्च अदा कर चूका बीच तक पहुंचने की छूट दे दी गई। टाइगर रिजर्व प्रशासन ने चूका बीच के एंट्री गेट पर भी वाहनों के पार्किंग की व्यवस्था कर रखी थी। जबकि आम दिनों में निजी वाहनों से चूका पहुंचने की अनुमति नहीं रहती है। इसका लाभ उठाते हुए तमाम सैलानी अपने निजी वाहनों से भी चुका बीच पहुंचे। नत्था देवी इंटर कॉलेज के बच्चों ने प्रधानाचार्य राजवीर मौर्य के नेतृत्व में चूका बीच घूमा।
मुस्तफाबाद एंट्री प्वाइंट पर सैलानियों की रही भीड़
नये साल का जश्न मनाने वालों से चूका बीच की हटें पहले से ही बुक हो चुकी थी। पहले दिन जनपद के अलावा अन्य कई इलाकों से सैलानियों की आमद सुबह से ही शुरू हो गई थी। मुस्तफाबाद स्थित एंट्री प्वाइंट से ही जंगल सफारी को वाहन की बुकिंग की जाती है। जंगल भ्रमण करने की आस लगाए सैलानी की भारी तादाद दिनभर मुस्तफाबाद में देखी गई।
बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक दिखे गदगद
चूका बीच पर अधिकांश सैलानी अपने परिवार के साथ पहुंचे थे। इसमें महिलाओं के अलावा छोटे बच्चे और बुजुर्ग भी शामिल थे। चूका बीच पर टहलते हुए सैलानियों ने खूबसूरत हटें और शारदा सागर डैम के किनारे के अद्भुत नजारे को करीब से निहारा। सभी साल के इस पहले दिन को यादगार बनाने के लिए फोन में सेल्फी व अन्य तस्वीरें खींचते नजर आए।
सैलानियों की हुई कोरोना जांच
नये साल के पहले दिन मुस्तफाबाद स्थित एंट्री प्वॉइंट पर सैलानियों की भारी भीड़ रही। स्वास्थ्य विभाग ने इसको देखते हुए शनिवार को भी कर्मचारियों को तैनात कर जंगल सफारी से जाने वाले सैलानियों की आरटीपीसार जांच भी कराई।
बरेली से आए सैलानियों को हुए बाघ के दीदार
नये साल के पहले दिन कोहरे के चलते पहली शिफ्ट में सैलानियों की आमद कुछ कम रही, सफारी के दौरान हिरन, चीतल आदि के तो दीदार हुए लेकिन बाघ के दीदार नहीं हो सके थे। दूसरी सफारी में गाइड मनिंदर सिंह और चालक सुभाष कुमार के साथ बरेली का एक परिवार जंगल सफारी का आनंद ले रहा था। इसी बीच बाघ के दीदार होने से उनका आनंद दोगुना हो गया।
चूका बीच की खूबसूरत वाटर हट पर लटका रहा ताला
वैसे तो चुका बीच का नजारा अद्भुत है, लेकिन यहां बनी वाटर हट सैलानियों के लिए आकर्षण का केंद्र बनी रहती है। नये साल पर वाटर हट पर ताला लटका होने से सैलानियों को मायूसी हाथ लगी। हालांकि इस को लेकर कर्मचारियों से जानकारी जुटाई तो कुछ अफसरों का दिशा-निर्देश होने की बात कही गई।
मोटर बोट से भी हाथ लगी मायूसी
चूका बीच में मोटर बोट तो दो साल पहले ही मंगवा ली गई, लेकिन संचालन का कोई इंतजाम फिलहाल नजर नहीं आ रहा है। नये साल पर भी जहां छह सौ सैलानियों ने चूका बीच की सैर की, लेकिन मोटर बोट का संचालन नहीं होने से सैलानियों को मायूसी हाथ लगी।