पूरनपुर(पीलीभीत)। शाहगढ़ से मैलानी के बीच सीआरएस निरीक्षण को लेकर तैयारियां तेजी से की जा रही है। स्टेशनों पर स्टेशन मास्टरों और अन्य स्टाफ की तैनाती शुरू कर दी गई है। ट्रेनों के आवागमन की जानकारी को स्टेशन मास्टर कक्ष में लगने वाले पैनल को कार्यदायी संस्था के अफसरों ने हैंडओवर कर लिया गया। बृहस्पतिवार को इंजन ट्रायल हुआ। ट्रायल को देखने को रेलवे स्टेशन पर लोगों की भीड़ लगी।
मैलानी से शाहगढ़ स्टेशन के बीच आमान परिवर्तन का काम पूरा होने पर 27 और 28 दिसंबर को सीआरएस निरीक्षण की तिथि तय की गई है। बृहस्पतिवार को इंजन ट्रायल हुआ। मैलानी से शाहगढ़ के बीच इंजन को 30 से 40 की स्पीड से दौड़ाया गया। पूरनपुर में स्टेशन मास्टर अरुण गंगवार और दो प्वाइंट मैन, सेहरामऊ स्टेशन पर जितेंद्र सिंह स्टेशन मास्टर, दो प्वाइंट्स मैन, शाहगढ़ में अशोक कुमार स्टेशन मास्टर और दो कर्मचारियों की तैनाती की गई। कार्यदायी संस्था के अफसरों से पैनल को हैंडओवर कर चेक करने के बाद पूरनपुर स्टेशन मास्टर कक्ष में लगा दिया गया। साफ-सफाई का काम तेजी से शुरू हुआ है।