बुझिया क्षेत्र में शारदा नदी का कटान रोकने की कोशिश करते ग्रामीण।
- फोटो : PILIBHIT
माधोटांडा। शारदा नदी में जलस्तर बढ़ते ही एक बार फिर रमनगरा बुझिया क्षेत्र की ओर रुख कर कटान तेज कर दिया है। कृषि भूमि का कटान कर नदी लगातार आबादी की ओर बढ़ रही है। कटान की स्थिति देख घबराए ग्रामीणों ने कारसेवा से बचाव कार्य शुरू कर दिया हैं। ग्रामीणों का कहना है कि बाढ़ खंड से कटान की स्थिति को देखने के लिए कोई अभियंता नहीं पहुंचा है।
शारदा नदी ने बरसात शुरू होने के बाद से गभिया सहराई क्षेत्र के नलडेंगा को अपने निशाने पर ले लिया था। यहां नदी लगातार कटान करती रही। इसके बाद नदी की धार रमनगरा बुझिया क्षेत्र दाए किनारे की ओर पहुंची। यहां भी किसानों की काफी फसल और जमीन को नदी ने नष्ट कर दिया। शुरुआत में बाढ़ खंड की लापरवाही के चलते ग्रामीण खुद ही आगे आए थे। हालात बिगड़ने पर बाढ़ खंड की ओर से बैंबू कटर (ठोकर) लगाकर कार्य के नाम पर औपचारिकताएं निभाई गईं।
इधर, एक बार फिर नदी ने तेज गति से कटान शुरू किया है। ग्रामीणों का कहना है कि नदी कटान कर आबादी के निकट बढ़ रही है। कोई भी अभियंता मौके पर नहीं पहुंच रहा है। मजबूरी में जमीन बचाने को हम लोग खुद कारसेवा में जुटे हैं। वहीं नलडेंगा क्षेत्र में भी धीमी गति से कटान जारी। शारदा सागर खंड के अभियंताओं की मौजूदगी में बचाव कार्य किए जा रहे हैं।