चीनी मिल के बाहर धरने पर बैठे किसान
- फोटो : अमर उजाला
पीलीभीत के पूरनपुर में चीनी मिल गेट पर सामान्य प्रजाति का गन्ना रिजेक्ट बताकर वापस करने के विरोध पर रविवार शाम किसानों का गुस्सा फूट पड़ा। किसानों ने गन्ना तौल बंद करा दी। इससे चीनी मिल बंद हो गई। किसानों ने गन्ना से भरी ट्रैक्टर ट्रालियों को चीनी मिल जीएम की कोठी के सामने लगा दी। किसान पूरी रात धरना प्रदर्शन हंगामा करते रहे।
सोमवार सुबह आक्रोशित किसानों ने समस्या का समाधान न होने पर आसाम हाईवे पर जाम लगाकर प्रदर्शन करने की चेतावनी दी। इससे अफसरों में खलबली मच गई। एडीएम, एसडीएम, डीसीओ, सीओ चीनी मिल पहुंचे। वार्ता में चीनी मिल यार्ड के अंदर के गन्ना को सामान्य प्रजाति में लेने का किसानों को आश्वासन दिया।
चीन गेट के बाहर सामान्य की पर्ची पर सामान्य प्रजाति का गन्ना और अर्ली प्रजाति की पर्ची पर अर्ली प्रजाति का गन्ना लेने का आश्वासन दिया। इससे किसान संतुष्ट नहीं हुए। चीनी मिल गेट के बाहर गन्ना भरे वाहनों में गन्ना प्रजाति की जांच को शाहजहांपुर से विशेषज्ञों की टीम बुलाई गई है। जांच के बाद ही चीनी मिल गेट के बाहर का गन्ना खरीदा जाएगा।