एएसपी ने पीएसी जवानों और पुलिसवालों को हड़काया
यशवंतरी देवी मंदिर पर लगे विशाल मेले में तैनात पुलिसकर्मी ड्यूटी के प्रति कितना सजग हैं। इस बात की पोल एएसपी के औचक निरीक्षण में खुल गई। कई पुलिसकर्मी और पीएसी के जवान अपने प्वाइंटों से नदारद मिले। इससे नाराज एएसपी ने पीएसी जवानों और पुलिसकर्मियों को जमकर फटकार लगाई और उन्हें सुधरने की नसीहत दी।
नवरात्र के दिनों में शहर के ऐतिहासिक मां यशवंतरी देवी मंदिर पर विशाल मेला लगता हैं। प्रतिदिन हजारों की संख्या में दूरदराज के श्रद्धालुओं की भीड़ रहती है। भीड़भाड़ होने के कारण मेले में सुरक्षा के भी पुख्ता प्रबंधक होते हैं। सुरक्षा की दृष्टि से मेला चौकी स्थापित होती है। इस बार भी मेले में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। गुरुवार की देर रात एएसपी विकास कुमार वैद्य यशवंतरी देवी मंदिर पहुंचे। उन्होंने मंदिर के मुख्य द्वार से लेकर मेले में बनाए गए विभिन्न प्वाइंटों का औचक निरीक्षण किया, लेकिन किसी भी प्वाइंट पर पुलिसकर्मी और पीएसी जवान मौजूद नहीं मिले। इससे एएसपी का पारा चढ़ गया। उन्होंने मेला पुलिस चौकी पहुंचकर पीएसी जवानों और पुलिस वालों को जमकर फटकार लगाई और मुश्तैदी के साथ कर्तव्यों का निर्वाहन करने के निर्देश दिए।
मेले का औचक निरीक्षण किया गया था। कुछ पीएसी जवान व पुलिस वाले प्वाइंटों पर न रहकर इधर-उधर घूम रहे थे। जिन्हें दोबारा गलती करने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
विकास कुमार वैद्य