बीसलपुर कोतवाली के सामने रविवार को चलती कार में हुए धमाके में कार चालक समेत चार लोग घायल हो गए। धमाके से आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। कोतवाली का पूरा स्टाफ निकलकर बाहर मौके पर आ गया था। पुलिस ने जांच में पाया कि कार में लगी सीएनजी किट में कोई कमी आने से यह धमाका हुआ है।
बरेली के थाना भुता के गांव अर्जुनपुर निवासी पप्पू ने बताया कि वह रविवार दोपहर लगभग एक बजे अपनी कार लेकर कोतवाली के सामने से गुजर रहे थे। कोतवाली के ठीक सामने कार में अचानक जोरदार धमाका हुआ। धमाके से कार की खिड़कियों और आगे का शीशा चकनाचूर हो गया। शीशे के टुकड़े टूटकर दूर तक बिखर गए। इसमें चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
पड़ोस में स्थित दुकान का मालिक धीरज वर्मा, इसी दुकान पर खरीदारी करने आईं कोतवाली के सिपाही श्याम कुमार की पुत्री मान्या (12) और मोहल्ला ग्यासपुर के नितिन की पुत्री खुशी (11) घायल हो गई। धमाका होते ही कोतवाली और आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। धमाके की आवाज सुनकर कोतवाली का पूरा स्टाफ निकलकर गेट पर आ गया। तुरंत ही चालक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।
हालत गंभीर होने पर उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। इसी बीच सूचना मिलने पर चालक के घरवाले भी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंच गए। घरवाले चालक को जिला अस्पताल न ले जाकर बरेली ले गए। कोतवाल अशोक पाल ने बताया कि अनुमान है कि कार में लगी सीएनजी किट में कोई कमी आने पर यह धमाका हुआ है। करीब 45 मिनट तक मौके पर भीड़ जुटी रही।