पीलीभीत। बिजली लाइन में छिटपुट फाल्ट से मंगलवार आधी रात से बुधवार पूरे दिन उपभोक्ता परेशान होते रहे। सूचना पर बिजली निगम की टीमें इधर-उधर दौड़ती रहीं। हालांकि कोई बड़ा फाल्ट न होने से लोगों को राहत रही।
मंगलवार की देर रात तेज हवा और बारिश से शहर के कई इलाकों की बिजली गुल हो गई। रात लगभग 12 बजे गैस चौराहा, अग्रवाल सभा, देशनगर, नई बस्ती, काला मंदिर मार्ग पर बिजली न मिलने से उपभोक्ताओं को दिक्कत हुई। मामले की सूचना मिलते ही टीम ने पहुंचकर बिजली आपूर्ति सुचारु की। वहीं बुधवार की सुबह आठ बजे विशाल टाकीज के आसपास बिजली आपूर्ति बाधित रही। 10 बजे मोहल्ला देशनगर में बिजली गुल हो गई।
दोपहर 12 बजे वल्लभ नगर कॉलोनी में माल गोदाम मार्ग पर बिजली न मिलने से उपभोक्ता परेशान रहे। पुरानी तहसील के पास तीन बजे के करीब बंच केबल जलने से आपूर्ति बाधित रही। इसके अलावा शहर के मोहल्ला अशोक कॉलोनी, एकता नगर, साहूकारा, आवास विकास, तुलाराम, मदीनाशाह आदि इलाकों में बिजली कटौती की समस्या से उपभोक्ता परेशान रहे।
जेई जहांगीर आलम ने बताया कि कुछ-एक जगह दिक्कत रही। उसे सही करा दिया गया।
घुंघचाई। घुंघचाई बिजली उपकेंद्र से जुड़े गांव अभयपुर माधोपुर में मंगलवार की देर शाम हाईटेंशन लाइन कि डिस्क पंचर हो गई। इससे पूरी रात बिजली नहीं मिल सकी। लोगों को दिक्कतों का सामना करना पडा। जेई गौरव ने बताया कि हवाओं के चलते फाल्ट हो जाते हैं। तत्काल कर्मचारियों को भेजकर सही करा दिया जाता है।