बरखेड़ा। देवहा नदी का जलस्तर बढ़ने से बरखेड़ा से नवाबगंज जाने वाले मार्ग पर ग्राम गाजीपुर कुंडा के पास स्थित रपटा पुल पर बुधवार को बाढ़ का पानी आ गया। इस मार्ग पर बृहस्पतिवार को दिन में करीब तीन से चार फीट तक पानी था।
पानी बहने के कारण आवागमन बंद रहा। कुछ लोग ट्रैक्टर ट्राली में बैठकर पानी को पार करते नजर आए। बरखेड़ा पुलिस को मार्ग के ऊपर से पानी बहने की जानकारी मिली तो पुलिस मौके पर पहुंच गई। निगरानी में लग गई। इस मार्ग पर नदी का पानी होने से लोगों को आवागमन में काफी परेशानी हुई। इसके चलते लोगों को नवाबगंज एवं बरेली जाने के लिए 20 किलोमीटर का अतिरिक्त सफर तय करना पड़ा।
देवहा नदी का जलस्तर बढ़ने से नदी के किनारे बसे गांव रायपुर, सिमरिया ताराचंद, भैसहाग्वालपुर, मुड़िया कुडरी, शेखापुर, पुरैना आदि ग्रामीणों के कृषकों के गन्ने की फसल जलमग्न हो गई है। गांवों में लोगों को जानवरों के लिए चारे की परेशानी हो गई है। संवाद