डीएम के निर्देश पर राजस्व प्रशासन ने सोमवार को अग्निपीड़ितों को राहत
सामग्री उपलब्ध कराई। गांव पहुंचे विधायक और एसडीएम ने सामग्री का वितरण
किया। वहीं बूंदीभूड़ के ग्रामीणों ने अपने स्तर से एकत्र सामग्री पीड़ितों
में वितरित की। राशन सामग्री मिलने से पीड़ितों को पेट भरने का इंतजाम हो
गया लेकिन अभी पीड़ित को खुले में रहना पड़ रहा है।
बूंदीभूड़ गांव में
बृहस्पतिवार की रात आंधी के समय लगी आग से तबाह हुए 31 परिवारों के आगे
रहने खाने की दिक्कत आ गई थी। पहले दिन राजस्व प्रशासन ने अपने स्तर से
अहैतुक सहायता एवं राहत सामग्री प्रदान की थी। रविवार को डीएम ने एसडीएम से
फोन पर वार्ता कर अग्निपीड़ितों का हाल पूछा था और विभिन्न संगठनों से
सहयोग लेकर पीड़ितों को जरूरत की वस्तुएं वितरित करने निर्देश दिए थे।
एसडीएम ज्ञानेंद्र कुमार सिंह सामग्री लेकर गांव पहुंचे।
यहां विधायक
पीतमराम के साथ मिलकर उन्होंने सभी 21 पीड़ित परिवार को 25 किलो और 40 किलो
आटे की पैकिंग, बर्तन आदि वितरित किए। उनके साथ कानूनगो ब्रजेश राना,
लेेखपाल राजेश, पूरनसिंह, ग्राम प्रधान चंद्रप्रभा, पूर्व प्रधान इंद्रजीत
राजभर, रामप्रवेश आदि थे।
उधर गांव बूंदीभूड़ के ही ग्रामीण ने अपने स्तर
से सामग्री एकत्र कर प्रत्येक परिवार को एक क्विंटल गेहूं, पांच किलो चीनी,
दाल, सरसों का तेल, साबुन, चादर, कपड़े, झाडू़, माचिस आदि वितरित की।
सामग्री बांटने वालों में प्रमुख रूप से सुदर्शन, संजय तिवारी, ननकू यादव,
सहदेव, सिकंदर, रामचंद्र, शिवमोहन, राकेश, श्यामसुंदर आदि थे।
अभी भी खुले में रहने को मजबूर
अग्निपीड़ित
परिवारों को प्रशासन एवं ग्रामीणों के सहयोग से राहत सामग्री मिल गई जिससे
दो वक्त की रोटी उन्हें मिल सकेगी। इसके बाद भी पीड़ित चौथे दिन भी खुले
में रहने को मजबूर हैं। पीड़ितों ने बताया कि जल चुके मकानों को बनाने में
काफी समय लगेगा। ऐसे में खुले में रहना मजबूरी है।
पीड़ितों की हरसंभव मदद की जाएगी
अग्निपीड़ितों
को राहत सामग्री बांटने पहुंचे विधायक पीतमराम ने कहा कि आग लगने की बाद
वह गांव पहुंचे थे और प्रशासन से राहत सामग्री व सात हजार रुपये धनराशि
दिलाई थी। अब पुन: राहत सामग्री वितरित कराई गई है। उन्होंने कहा कि
पीड़ितों को हर संभव मदद की जाएगी। उन्होंने कहा पीड़ित परिवारों को आवास
दिलाने के लिए डीएम को पत्र लिखा है। इस मौके पर उन्होंने शारदा सागर डैम
के किलोमीटर 14.6 के निकट से गांव जाने वाले रास्ते पर विधायक निधि से
पुलिया बनवाने की भी घोषणा की।