पीलीभीत। शहर के एक मोहल्ले में विवादित जमीन के मामले में मुचलका पाबंद भाजपा जिला उपाध्यक्ष समेत दूसरे पक्ष के 27 लोगों ने अपनी जमानत करा ली है। इधर सिटी मजिस्ट्रेट ने दोनों पक्षों का मामला कोर्ट में विचाराधीन होने के कारण यथास्थिति बनाए रहने के निर्देश दिए हैं।
कोतवाली थाना क्षेत्र मोहल्ला डालचंद एक रास्ते को लेकर डिंपल गौड़ और वाल्मीकि समाज के लोगों को विवाद चल रहा है। कुछ दिन पहले डिंपल गौड़ ने कोर्ट का स्टे दिखाते हुए निर्माण शुरू कर दिया था। वाल्मीकि समाज के विरोध करने के बाद कोतवाली पुलिस ने निर्माण रुकवा दिया। दूसरे पक्ष ने भी कोर्ट से स्टे ले लिया। दोनों पक्ष आए दिन एक दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप लगाते हुए शिकायत कर रहे थे। इस मामले में प्रशासन ने पुलिस ने दोनों पक्षों पर शिकंजा कसते हुए मुचलका पाबंद करने के निर्देश दिए थे।
कोतवाली पुलिस ने मुचलका पाबंद की कार्रवाई करते हुए वाल्मीकि समाज के 27 लोग और दूसरे पक्ष के दो लोगों को मुचलका पाबंद किया था। डिंपल गौड़ पक्ष अपनी जमानत पहले ही करा चुका था। दूसरे पक्ष के जमानत न कराने पर पुलिस ने डीएम को रिपोर्ट भेजी थी। भाजपा जिला उपाध्यक्ष अमित वाल्मीकि भी मुचलका पाबंद थे। अब दूसरे पक्ष के 27 लोगों ने अपनी जमानत कराई है। सिटी मजिस्ट्रेट अरुण कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों ने अपनी जमानत कर ली है। कोर्ट का फैसला आने के बाद ही विवादित जमीन पर काम होगा।