फोन में मिले सिपाही और युवती के आपत्तिजनक फोटो
जाकिरा का आरोप है कि बीती 13 अप्रैल की रात को साहिम ने सिपाही राजकुमार और सहेलियों की मदद से शीरी की हत्या कर दी। इतना ही नहीं शीरी के दादा-दादी को बरगलाकर शव को भी दफन करवा दिया। जाकिरा का कहना है कि जब कुछ दिन बाद उन्होंने शीरी का खराब मोबाइल सही कराया तो उसे सिपाही राजकुमार और उक्त सहेली के आपत्तिजनक फोटो और वीडियो मिले।
जब उसके देवर अफसार ने सिपाही से इसकी शिकायत की तो उसने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए उसकी भतीजी की तरह ही जान से मरवा देने की धमकी दी। इसकी शिकायत पुलिस अधीक्षक से की गई। उनके आदेश के बाद पुलिस ने तहरीर के आधार पर सिपाही राजकुमार, साहिम और शीरी की दो सहेलियों के खिलाफ हत्या और साक्ष्य छिपाने समेत कई धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
डीएम के आदेश पर कब्र से निकाला गया शव
मुकदमा दर्ज होने के बाद डीएम के आदेश पर नायब तहसीलदार प्रखर सिंह, प्रभारी निरीक्षक जहानाबाद मुकेश शुक्ला, इंस्पेक्टर क्राइम गजेंद्र सिंह, परेवा वैश्य चौकी प्रभारी गौतम सिंह सोमवार दोपहर तीन बजे ग्राम अमखिड़िया स्थित कब्रिस्तान पर पहुंचे और कब्र को खोदवाकर किशोरी का शव बाहर निकलवाया। इसके बाद मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया।
सीओ डॉ. प्रतीक दहिया ने बताया कि किशोरी के शव को कब्र से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम करवाया गया। रिपोर्ट आने के बाद मौत का सही कारण स्पष्ट हो सकेगा। इस मामले में आरोपी सिपाही समेत चार लोगों के खिलाफ हत्या और साक्ष्य छिपाने की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर विवेचना की जा रही है।