न्यूरिया। सोमवार को पीलीभीत-टनकपुर और टनकपुर-पीलीभीत पैसेंजर ट्रेनें निर्धारित समय से काफी विलंब से न्यूरिया रेलवे स्टेशन पहुंचीं। इससे उत्तराखंड के विभिन्न क्षेत्रों में रोजाना मजदूरी, रोजगार और अन्य कार्यों के लिए आने-जाने वाले दैनिक यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ा।
सुबह बड़ी संख्या में यात्री और कामगार निर्धारित समय पर न्यूरिया रेलवे स्टेशन पहुंच गए थे। पीलीभीत-टनकपुर पैसेंजर ट्रेन, जो रोजाना सुबह 7:15 बजे पहुंचती है। सोमवार को करीब ढाई घंटे की देरी से स्टेशन पहुंची। ट्रेन के विलंब की जानकारी मिलने पर कई यात्रियों ने बस और अन्य वैकल्पिक साधनों का सहारा लिया, जबकि कुछ लोग वापस घर लौट गए। बस स्टैंड पर भी पर्याप्त वाहन उपलब्ध न होने से कई यात्रियों को गंतव्य तक पहुंचने में देर हुई।
टनकपुर-पीलीभीत पैसेंजर ट्रेन भी समय से डेढ़ घंटे देरी से न्यूरिया स्टेशन पहुंची। सामान्य दिनों में यह ट्रेन सुबह 8:12 बजे यहां पहुंचती है। संवाद