अमर उजाला में रविवार के अंक में प्रकाशित खबर।
पीलीभीत। जिला अस्पताल में चिकित्सकों की मनमर्जी व देरी से मरीजों के परामर्श के लिए पहुंचने वाले चिकित्सकों की उपलब्धता को लेकर संवाद न्यूज एजेंसी की खबर पांच जुलाई को अमर उजाला में प्रकाशित की गई। इसका मेडिकल कॉलेज की प्राचार्य डॉ. संगीता अनेजा ने संज्ञान लेते हुए कई चिकित्सकों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।
मेडिकल कॉलेज से संबद्ध जिला अस्पताल में ज्यादातर क्लीनिकल के विशेषज्ञ चिकित्सक देरी से ओपीडी में पहुंचते हैं। इससे मरीजों को ओपीडी के समय पहुंचने के बावजूद चिकित्सकों की लेटलतीफी का इंतजार करना पड़ता है। शनिवार को अमर उजाला की ओर से चिकित्सकों की ओपीडी के समय की पड़ताल करते हुए रविवार के अंक में ''आठ बजे की ओपीडी, डॉक्टरों की देरी से मरीजों के चेहरे पर बज रहे बारह'' खबर प्रकाशित की गई। इसका संज्ञान लेते हुए मेडिकल कॉलेज की प्राचार्य डॉ. संगीता अनेजा की ओर से समय पर नही पहुंचने वाले चिकित्सकों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। संवाद