ड्रमंड राजकीय इंटर कॉलेज में लगाया जा रहा टेंट। संवाद
पीलीभीत। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत आज 541 जोड़े एक-दूसरे के बंधन में बंधेंगे। ड्रमंड राजकीय इंटर कॉलेज में आज बरखेड़ा मरौरी व न्यूरिया हुसैनपुर के जोड़ों की शादी कराई जाएगी। मंगलवार को अफसरों ने कार्यस्थल पहुंचकर हो रही तैयारियों का जायजा लिया।
प्रदेश सरकार अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक वर्ग के साथ ही सामान्य वर्ग की गरीब बेटियों की शादी के लिए मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना चला रही है। योजना के तहत अभी तक 51 हजार रुपये व्यय करने का प्रावधान था। इधर इस बार शासन ने प्रति जोड़ा एक लाख की धनराशि खर्च करने का निर्णय लिया है। इसमें 60 हजार रुपये कन्या के खाते में डीबीटी के माध्यम से भेजे जाएंगे। इसके अलावा 25 हजार रुपये उपहार सामग्री पर खर्च किए जाएंगे। साथ ही सामूहिक विवाह के आयोजन पर 15 हजार रुपये प्रति जोड़ा खर्च किया जाएगा। वित्तीय वर्ष 2025-26 में जिले में 466 बेटियों की शादी कराने का लक्ष्य तय किया है। सामूहिक शादी समारोह को लेकर ऑनलाइन आवेदन के लिए 30 अक्तूबर अंतिम तिथि निर्धारित की गई थी। इसमें 2450 लोगों ने आवेदन किया था। सत्यापन के दौरान 364 आवेदनों को निरस्त कर दिया। अब 2086 लोगों का विवाह संपन्न कराया जाना है।
सभी विवाह समारोह 12 नवंबर से 17 नवंबर के बीच संपन्न कराए जाएंगें। इसमें विधानसभा बरखेड़ा, सदर एवं बीसलपुर के सामूहिक विवाह समारोह क्रमश: 12 नवंबर, 15 नवंबर और 16 नवंबर को शहर के ड्रमंड राजकीय इंटर कॉलेज में आयोजित कराए जाएंगें, जबकि पूरनपुर विधानसभा क्षेत्र का विवाह समारोह 17 नवंबर को चैतन्य टैक्नो स्कूल पूरनपुर में आयोजित किया जाएगा। ड्रमंड कॉलेज में होने जा रहे विवाह कार्यक्रम को संपन्न कराए जाने को लेकर अफसरों ने मंगलवार को कार्यस्थल पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। साथ ही अधीनस्थों को निर्देश जारी किए। समाज कल्याण अधिकारी चंद्र मोहन विश्नोई ने बताया कि सामूहिक विवाह को लेकर सारी तैयारियां पूरी कर ली हैं।