पूरनपुर। छापा मारने गई पुलिस टीम की पिटाई और आरोपी छुड़ाने के मामले में पुलिस ने छुड़ाए गए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। अन्य आरोपी घर छोड़कर भागे हुए हैं। पुलिस उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
रविवार शाम को एसएसआई अमित कुमार पाल के नेतृत्व में गांव रानीगंज में अवैध शराब की सूचना पर पुलिस छापा मारने गई थी। पुलिस ने गांव निवासी महेंद्र और रंजीत के घर पहुंचकर दोनों को हिरासत में ले लिया था। दोनों ने पुलिस कर्मियों को गालियां देना शुरू कर दी। शोर-शराबा पर लाठी, डंडे लेकर पहुंचे लोगों ने पुलिस पर हमला कर पकड़े गए लोगों को छुड़ा लिया था। बाद में खींचतान मची तो पुलिस ने एक युवती की जमकर पिटाई कर दी। इसका वीडियो कुछ लोगों ने बना लिया था। मारपीट में एसएसआई और तीन पुलिसकर्मियों के चोटें आईं थीं। चारों पुलिस कर्मियों ने सोमवार को सीएचसी पहुंचकर मेडिकल कराया था। सेहरामऊ उत्तरी पुलिस ने एसएसआई अमित कुमार पाल की ओर से गांव रानीगंज निवासी महेंद्र, रंजीत, रामगुनी और चार- पांच अज्ञात पर बलवा, गाली-गलौज कर मारपीट करने, सरकारी कार्य मेें बाधा डालने की रिपोर्ट दर्ज की थी।
कार्यवाहक एसओ देवेंद्र कुमार ने बताया कि छुड़ाए गए आरोपी महेंद्र और रंजीत को मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया गया। बुधवार को उनका चालान किया जाएगा।
दो आरोपी पकड़े गए। बाकी घर छोड़कर भागे हुए है। पुलिस की टीमें लगाई गईं हैं जो भी नामजद हैं, सब गिरफ्तार होंगे।
दिनेश कुमार पी, पुलिस अधीक्षक