असम हाइवे पर दो ट्रकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई, जिसमें एक ट्रक के चालक थाना जहानाबाद के गांव शिवपुरिया निवासी धर्मेंद्र की मौत हो गई, जबकि दूसरे ट्रक के चालक समेत उसमें सवार सात लोग घायल हो गए। इधर ट्रक और बाइक की टक्कर में बाइक सवार थाना बरखेड़ा के गांव डंडिया भगत निवासी गप्पू खां की मौत हो गई जबकि उसके बड़े भाई समेत दो लोग घायल हो गए। सभी घायलों को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
ट्रकों की भिड़ंत की घटना असम हाइवे पर बृहस्पतिवार को अपरान्ह करीब सवा बारह बजे हुई। ट्रक चालक सिराजुद्दीन ने बताया कि वह पूरनपुर की ओर से ट्रक लेकर पीलीभीत जा रहा था। खमरिया तिराहा के समीप सामने से आ रहे ट्रक की उसके ट्रक से भिड़ंत हो गई। हादसे में दोनों ट्रकों के चालक क्षतिग्रस्त ट्रकों में फंस गए। बमुश्किल लोगों ने दोनों ट्रकों के चालकों को बाहर निकाला और सीएचसी ले गए। जहां डॉक्टर ने दूसरे ट्रक चालक जहानाबाद के गांव शिवपुरिया निवासी धर्मेंद्र कुमार को मृत घोषित कर दिया। धर्मेंद्र की शिनाख्त मौके पर पहुंची पुलिस ने उसके पास मिले ड्राइविंग लाइसेंस से की। हादसे में दूसरे ट्रक का चालक सिराजुद्दीन, हेल्पर निजाकत, ट्रक में सवार गांव कसगंजा निवासी विनोद कुमार, उसकी पत्नी 28 वर्षीय रुचि, छह महीने का पुत्र देव, विनोद का साला भोजीपुरा निवासी सुनील सक्सेना, उसकी पत्नी गीता, छह वर्षीय पुत्री अंशिका घायल हो गई। घायलों को सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। विनोद ने बताया कि उसके रिश्तेदार एक समारोह को लेकर रस्में अदा करने आए थे और उसके साथ ट्रक से वापस घर लौट रहे थे। दूसरा हादसा भी खमरिया तिराहे के पास सुबह करीब नौ बजे हुआ। पूरनपुर देहात के मोहल्ला ढका निवासी जहरुल ने बताया कि उसके रिश्तेदार बरखेड़ा थाना के गांव डंडिया भगत निवासी 35 वर्षीय गप्पू अपने बड़े भाई रजा बक्श को बाइक पर बिठाकर उसके घर से अपने घर जा रहे थे। बाइक पर रजा बक्श का 17 वर्षीय पुत्र शकील भी सवार था। सामने से आए ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। घालयों को सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर किया गया। जिला अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने गप्पू को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना जहरुल ने कोतवाली पुलिस को दी।
मृतकों के घरों में मचा कोहराम
पूरनपुर में अलग-अलग हादसों में ट्रक चालक समेत दो लोगों की मौत से उनके घरों में कोहराम मच गया। ट्रक चालक थाना जहॉनाबाद के गांव शिवपुरिया निवासी धर्मेंद्र कुमार तीन भाइयों में दूसरे नंबर के हैं। हादसे की सूचना पर उनकी मां माया देवी और पत्नी गीता देवी विलखने लगीं। चीखपुकार होने पर मौके पर पहुंचे आसपास के लोग विलख रहे परिवार वालों के ढांढस बंधा रहे थे। मृतक के एक पुत्री पांच वर्षीय अंशुू कुमारी और एक पुत्र तीन वर्षीय बॉवी कुमार है। बरखेड़ा के गांव डंडिया भगत निवासी हादसे में मारा गया बाइक चालक गप्पू खां की पत्नी नाजरीन बेगम का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक तीन भाइयों में सबसे छोटा था। उसके दो माह का एक पुत्र मोनिस है।